तेज रफ्तार का कहर: ट्रक से भिड़ी बाइक, तीन युवकों की मौके पर मौत
तेज रफ्तार का कहर: ट्रक से भिड़ी बाइक, तीन युवकों की मौके पर मौत

राजू यादव क्राइम प्रधान संपादक
सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मड़ैयाकुरली हवाई पट्टी के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व राहगीर घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना देते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडे ने बताया कि बाइक सवार तीनों युवक तेज रफ्तार से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
