मेक्सिको की सेना ने FBI की 10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल ड्रग तस्कर फॉस्टो इसिड्रो मेजा को गिरफ्तार किया

मेक्सिको की सेना ने FBI की 10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल ड्रग तस्कर फॉस्टो इसिड्रो मेजा को गिरफ्तार किया है. उसे ‘चापो इसिड्रो’ के नाम से भी जाना जाता है. उत्तर-पश्चिमी मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में सेना के विशेष कमांडो ने यह कार्रवाई की.

इस दौरान हुई मुठभेड़ में चार सैनिकों और सात संदिग्ध हमलावरों की मौत हो गई. FBI ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 50 लाख डॉलर (करीब 46.34 करोड़ रुपये)) का इनाम घोषित किया था.

मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस ऑपरेशन में चापो इसिड्रो के दूसरे नंबर के साथी और उसके संगठन के पैसों का हिसाब रखने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया. कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया गया. इनमें गिरोह के तीन बड़े सदस्य शामिल हैं. सेना ने मौके से हथियार और दूसरे आपराधिक सामान भी बरामद किए.

मुठभेड़ में चार सैनिकों की भी मौत

मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, गिरोह के सदस्यों ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए सेना पर हमला कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई. गुआसावे शहर में सुरक्षा बढ़ाने के लिए भेजे गए चार सैनिक भी इस हमले में मारे गए. सेना ने मौके से .50 कैलिबर राइफल, ग्रेनेड लॉन्चर, ग्रेनेड, दूसरे हथियार, ड्रग्स और नकदी बरामद की. गिरफ्तार किए गए तीनों बड़े आरोपियों को मेक्सिकन एयरफोर्स के विमान से राजधानी मेक्सिको सिटी ले जाया गया. वहां उन्हें कानूनी कार्रवाई के लिए जांच एजेंसियों को सौंपा गया.

बेसबॉल मैच रोकना पड़ा, सड़कों पर आगजनी

चापो इसिड्रो की गिरफ्तारी के बाद सिनालोआ में तनाव फैल गया. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, गुआसावे में गोलीबारी से लोगों में दहशत फैल गई. यहां चल रहा एक पेशेवर बेसबॉल मैच भी रोकना पड़ा. गिरोह के सदस्यों ने कई सड़कों पर गाड़ियां जला दीं और रास्ते बंद कर दिए. इससे यातायात प्रभावित हुआ.

अमेरिका में ड्रग्स पहुंचाता था गिरोह

44 साल का फॉस्टो इसिड्रो मेजा बेल्ट्रान लेवा गिरोह का कथित प्रमुख है. यह गिरोह ताकतवर सिनालोआ कार्टेल के एक गुट के साथ मिलकर काम करता है. सिनालोआ कार्टेल के दो गुटों के बीच लंबे समय से टकराव चल रहा है.

FBI के मुताबिक, मेजा का गिरोह अमेरिका में बड़ी मात्रा में हेरोइन, मेथामफेटामाइन, कोकीन, फेंटेनाइल और गांजा पहुंचाता था. इन नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में मेजा पर मेक्सिको और अमेरिका, दोनों देशों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. मेक्सिको की इस कार्रवाई को ड्रग गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है. हालांकि, गिरफ्तारी के बाद हुई हिंसा से साफ है कि इन गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई करना अभी भी बड़ी चुनौती है.

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]