नेपाल के नुवाकोट में फिर बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया

नेपाल के नुवाकोट में फिर बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि इस बार 5 गुना बड़े सैलाब का खतरा है। चेतावनी के बाद से नेपाल की सेना इलाके को खाली कर रही है। अलर्ट में कहा गया है कि आने वाले 30 मिनट में जल प्रलय फिर से आ सकता है।

इसके बाद से वहां भगदड़ जैसी स्‍थिति हो गई है। जानकारी के मुताबिक तिब्बत की अस्थायी झील से पानी बहने लगा है जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है।

रिपब्‍लिक भारत के ग्राउंड रिपोर्ट में धुंडे बाजार में पुलिस और प्रशासन की टीम लोगों को नदी किनारे से हटाती नजर आई। इलाके में अनाउंसमेंट कर लोगों से घर और दुकानें खाली करने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है। पुलिस ने लोगों को साफ तौर पर चेतावनी दी कि खतरा बढ़ रहा है और किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है।

अवरोधक झील’ से पैदा हुआ खतरा

चीन के जल संसाधन मंत्रालय ने गुरुवार रात तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू की और छोचेन खोला तथा पुरेपु त्संगपो नदियों के संगम के पास बनी इस ‘अवरोधक झील’ से पैदा हुए खतरे को लेकर आगाह किया। ये दोनों नदियां तिब्बत से निकलती हैं और नेपाल में भोटे कोशी नदी की धारा का हिस्सा हैं।

नेपाल में कई लोग अब भी लापता

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 35 पुल और 45 सस्पेंशन ब्रिज बह गए हैं, जिसके चलते कई इलाकों का संपर्क मार्ग कट गया है। इसके अलावा 13 जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है और कई वाहन तेज बहाव की चपेट में आए हैं। नेपाली सेना ने प्रभावित इलाकों से 250 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला है। नेपाल में कई लोग अब भी लापता हैं। इनमें कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]