भारत नहीं, चीन की तरफ झुके हैं? नेपाल के विदेश मंत्री बोले- बाप की जगह मां नहीं ले सकती

नेपाल में विनाशकारी बाढ़ आई है। भारत ने बिना देरी किए एक पड़ोसी का धर्म निभाते हुए मदद का हाथ बढ़ाया है। लगातार राहत सामग्री भेजी जा रही हैं। इस सबके बीच जब नेपाल के विदेश मंत्री से भारत और चीन को लेकर एक सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि नेपाल के लिए भारत और चीन दोनों ही पड़ोसी बेहद महत्वपूर्ण हैं और देश किसी एक का चयन करके दूसरे को नजरअंदाज नहीं कर सकता है।
जब नेपाली विदेश मंत्री से पूछा गया कि क्या नेपाल किसी एक देश की ओर झुक रहा है तो उन्होंने बेहद व्यावहारिक उदाहरण देते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कूटनीतिक रिश्ते किसी अन्य देश के दबाव में नहीं बल्कि केवल नेपाल के राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखकर तय किए जाते हैं।
एनडीटीवी के एक कार्यक्रम के दौरान नेपाल के विदेश मंत्री शिसिर खनाल ने कहा, “हम एक संवेदनशील समाज हैं, लेकिन विदेश नीति के मामलों में हमें तार्किक सोच रखनी होगी। भारत और चीन दोनों ही हमारे महत्वपूर्ण पड़ोसी हैं और हम दोनों के साथ अपने बेहतरीन संबंधों को बनाए रखना चाहते हैं। हम एक की जगह दूसरे को नहीं दे सकते। जैसे कोई अपने पिता से यह नहीं कह सकता कि वह उन्हें मां से बदल देगा या मां से यह नहीं कह सकता कि वह उन्हें पिता से बदल देगा। नेपाल के दोनों देशों के साथ अपने अनूठे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध हैं और हम इन्हें इसी तरह बनाए रखेंगे।”
