टीवी के पॉपुलर सीरियल ‘डॉ. आरंभी’ में नजर आ रहे एक्टर संजीब सिंह की अचानक मौत

टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आ रही है। खबर है कि टीवी के पॉपुलर सीरियल ‘डॉ. आरंभी’ में नजर आ रहे एक्टर संजीब सिंह की अचानक मौत हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सीरियल की शूटिंग पूरी करने के बाद घर लौट रहे एक्टर संजीब सिंह के निधन की घटना ने इंडस्ट्री में हड़कंप मचा दी है।
कहा जा रहा है कि शो की शूटिंग आधी रात को खत्म होने के बाद जब संजीब सिंह घर लौट रहे थे तो उन्हें रास्ते में ही हार्ट अटैक आया था।
51 साल के एक्टर संजीब सिंह की मौत
‘न्यूज 9’ की रिपोर्ट के मुताबिक 51 साल के एक्टर संजीब सिंह की मौत ने एक बार फिर फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकारों और वर्कर्स के लंबे वर्किंग आवर्स और उनकी सेहत को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
‘डॉ. आरंभी’ की शूटिंग कर रहे थे संजीब
बताया गया है कि संजीब सिंह मुंबई के साकी नाका स्थित एसजे स्टूडियो में ‘डॉ. आरंभी’ की शूटिंग कर रहे थे। FWICE के महासचिव अशोक दुबे ने बताया है कि उन्होंने दोपहर करीब 2 बजे शूटिंग शुरू की थी, जो देर रात लगभग 3 बजे तक चली थी।
‘शूटिंग के दौरान संजीब की तबीयत ठीक नहीं लग रही थी’
अशोक दुबे ने बताया कि शूटिंग के दौरान संजीब सिंह की तबीयत ठीक नहीं लग रही थी। उन्हें कई बार बेचैनी महसूस हो रही थी, इसलिए वह शूटिंग के बीच-बीच में कुछ देर आराम भी कर रहे थे। शूटिंग खत्म होने के बाद वह अपनी बाइक से घर के लिए निकले। रास्ते में जब उन्होंने पेट्रोल भरवाने के लिए बाइक रोकी, तभी पेट्रोल पंप पर वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। फिलहाल बताया जा रहा है कि उन्हें हार्ट अटैक आया था।
