सिंगरौली में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, ओवरलोड एवं बिना तिरपाल वाहनों पर जीरो टॉलरेंस

सिंगरौली में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, ओवरलोड एवं बिना तिरपाल वाहनों पर जीरो टॉलरेंस

कलेक्टर के निर्देश पर चेक पॉइंट टीम का सघन जांच अभियान; रेडियम रिफ्लेक्टर लगाकर दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

राजू यादव

सिंगरौली। जिले में सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना के निर्देशों के पालन में परिवहन विभाग द्वारा विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। दिशा एवं टाइमलाइन समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुरूप नियम विरुद्ध संचालित, ओवरलोड तथा बिना तिरपाल खुले में रेत, गिट्टी, मिट्टी, फ्लाई ऐश एवं कोयले का परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।

जिला परिवहन अधिकारी श्री मनीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में चेक पॉइंट प्रभारी एवं विभागीय टीम ने जयंत चेक पॉइंट, मोरबा, शुक्ला मोड़, एनटीपीसी गेट एवं कांटा मोड़ क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) एवं अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच की गई। अभियान के दौरान बिना तिरपाल ओवरलोड रेत का परिवहन करते पाए गए एक मालवाहक वाहन के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

रेडियम रिफ्लेक्टर लगाकर बढ़ाई सड़क सुरक्षा

प्रवर्तन कार्रवाई के साथ सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता को भी प्राथमिकता दी गई। चेक पॉइंट प्रभारी एवं टीम ने मालवाहक एवं अन्य वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर की जांच की। जिन वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर नहीं पाए गए, उनमें विभागीय टीम द्वारा रिफ्लेक्टर लगाए गए, ताकि रात्रि एवं कम दृश्यता की स्थिति में वाहन दूर से दिखाई दें और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।

20 दिनों में ₹8,48,800 का राजस्व अर्जित

परिवहन विभाग द्वारा 01 नवंबर 2026 से 20 नवंबर 2026 तक ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से कुल ₹8,48,800/- (आठ लाख अड़तालीस हजार आठ सौ रुपये मात्र) का राजस्व अर्जित किया गया।

परिवहन विभाग ने वाहन संचालकों से अपील की है कि वे ओवरलोडिंग, बिना तिरपाल परिवहन एवं प्रदूषण मानकों के उल्लंघन से बचें तथा वाहनों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण एवं रेडियम रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगवाएं। विभाग ने स्पष्ट किया कि परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]