श्रद्धालुओं से भरी एक क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी, दुर्घटना में 9 लोगों की दर्दनाक मौत

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में रविवार को कोटा-उदयपुर हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। शंभूपुरा क्षेत्र के पास श्रद्धालुओं से भरी एक क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस भीषण दुर्घटना में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। हादसे का शिकार हुए सभी श्रद्धालु महाराष्ट्र के रहने वाले थे और सीकर स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
चार गाड़ियों के काफिले में चल रहे थे 36 श्रद्धालु प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महाराष्ट्र के इस परिवार और रिश्तेदारों के कुल 36 सदस्य चार अलग-अलग वाहनों में सवार होकर धार्मिक यात्रा पर निकले थे। दर्शन के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। हाईवे पर सफर के दौरान काफिले की तीन गाड़ियां कुछ दूरी पर पीछे रह गई थीं, जबकि एक क्रूजर गाड़ी सबसे आगे चल रही थी। जैसे ही यह वाहन शंभूपुरा के पास पहुंचा, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा धंसा। भीषण टक्कर के कारण गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए।
चालक को आई नींद की झपकी बनी काल घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) समेत पुलिस बल और प्रशासन के आला अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। एडीएम प्रशासन राजेश जोशी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि क्रूजर चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई थी। इसी वजह से वाहन से उसका नियंत्रण हट गया और गाड़ी सीधे खड़े ट्रेलर में जा घुसी।
अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज, पसरा मातम इस दर्दनाक हादसे में 9 श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि आधा दर्जन से ज्यादा घायलों का नजदीकी अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक ही परिवार के इतने सदस्यों की एक साथ हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
