3 विधायकों की हत्या की साजिश थी, एक को इंजेक्शन देकर तो दूसरे पर ट्रक चढ़ाकर…’, 2022 की बगावत पर संजय राउत का बड़ा दावा

महाराष्ट्र की राजनीति में 2022 में हुई शिवसेना की बगावत फिर चर्चा में है। एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना के नेता और राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट के इस बयान के बाद कि सूरत से लौट रहे एक विधायक का ‘राम नाम सत्य’ हो सकता था, अब शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने गंभीर आरोप लगाए हैं। राउत का दावा है कि सूरत गए तीन विधायकों की हत्या करने की साजिश रची गई थी। इनमें से एक विधायक को इंजेक्शन देकर मारने और दूसरे पर ट्रक चढ़ाने की योजना थी। उनके इस बयान से महाराष्ट्र की सियासत में हलचल मच गई है।

एक विधायक को इंजेक्शन देकर मारने की थी साजिश- संजय राउत

मीडिया से बातचीत के दौरान संजय राउत ने दावा किया कि 2022 में एकनाथ शिंदे की बगावत के दौरान सूरत गए तीन विधायकों की जान को खतरा था। उन्होंने इन विधायकों के नाम भी बताए। राउत के मुताबिक, इनमें मौजूदा मंत्री प्रकाश आबिटकर, नितीन देशमुख और कैलास पाटील शामिल थे।

महाराष्ट्र की सियासत में फिर उठा सूरत कांड, कैलाश पाटिल बोले- लौटने वाला अकेला विधायक मैं था, किसका होने वाला था ‘राम नाम सत्य’?

राउत ने दावा किया कि प्रकाश आबिटकर ने शुरुआत में सूरत से वापस लौटने का फैसला किया था, लेकिन उन पर दबाव बनाया गया और उन्हें वहीं रोक लिया गया। वहीं, अकोला के विधायक नितीन देशमुख का ऐसा उपचार किया गया, जिससे उन्हें दिल का दौरा पड़ने की आशंका पैदा हो सकती थी। उन्हें इंजेक्शन भी दिए गए थे।

कैलास पाटील पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश का दावा

राज्य सभा सांसद संजय राउत ने दावा किया कि धाराशिव के विधायक कैलास पाटील भी सूरत से निकलकर महाराष्ट्र लौटने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उनके ऊपर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया गया था। इसके बावजूद कैलास पाटील कई किलोमीटर पैदल चलकर वहां से निकलने में सफल रहे।

राउत ने कहा कि अकोला के विधायक नितीन देशमुख ने भी संघर्ष करके सूरत से निकलने में सफलता हासिल की थी। इन तीनों विधायकों की जान को खतरा था, जबकि बाकी विधायकों को भी जबरन रोककर रखा गया था।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]