बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. यह मुलाकात एक घंटे से अधिक तक चली. इस दौरान आगामी दिनों में लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में होने वाली कथाओं.
बाबा रामदेव से विवाद और 2027 के विधानसभा चुनाव से जुड़े सियासी समीकरणों पर चर्चा हुई. धीरेंद्र शास्त्री ने मुलाकात के दौरान सीएम योगी की मां के निधन पर भी शोक व्यक्त किया.
सीएम योगी से मुलाकात के बाद बोले बाबा बागेश्वर
लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करने पहुंचे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि हिंदुओं के, राष्ट्र के, संतों के और प्रत्येक समाज वर्ग को लेकर चलने वाले पूज्य आदरणीय मुख्यमंत्री, जो साधु के साथ सेवा, सनातन संस्कृति और राष्ट्र के लिए जीते हैं. उनकी पूजनीय माताजी का गोलोक गमन हुआ है. इस हेतु पुष्पांजलि अर्पित करने, श्रद्धांजलि अर्पित करने हम पहुंचे हैं. धन्य है ऐसी मां, पूज्य माननीय मुख्यमंत्री जी की मैया, जो ऐसा सपूत जाया, जो राम और राष्ट्र दोनों को साथ लेकर देश की उन्नति और उत्तर प्रदेश की प्रगति में कार्य कर रहे हैं, तो पूज्य बाबा जी के पास हम इसीलिए दंडवत करने आए थे. उनकी पूजनीय माताजी के देवलोक गमन होने पर श्रद्धांजलि अर्पित करने आए थे.
बाबा रामदेव से चल रहा विवाद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मुलाकात के दौरान बाबा रामदेव विवाद पर पटाक्षेप करने को लेकर बात हुई. दरअसल, हाल ही में भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी टिप्पणी को लेकर बाबा रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री के बीच बयानबाजी सामने आई थी. स्वामी रामदेव ने सनातन परंपरा, अंधविश्वास और देवी-देवताओं की तुलना को लेकर नाराजगी जताई थी. हालांकि अब दोनों ही लोगों ने विवाद को रोकने की कोशिश की है.
क्या बोले धीरेंद्र शास्त्री
धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट किया कि वे संतों पर पलटवार नहीं करते और स्वामी रामदेव को वरिष्ठ व अभिभावक तुल्य मानते हैं. वहीं स्वामी रामदेव ने भी स्पष्ट किया है कि उन्होंने आवेश में कठोर शब्द कहे थे. लेकिन बातचीत के बाद यह मामला सुलझ गया है. धीरेंद्र शास्त्री को उन्होंने छोटा भाई बताया.
