शरद पवार की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में कराया गया भर्ती,

85 साल के शरद पवार की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही उनकी बेटी सुप्रिया सुले मीटिंग छोड़कर अस्पताल के लिए रवाना हो गईं। पार्टी में इस खबर के बाद चिंता का माहौल है। सुप्रिया सुले ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर पिता की तबीयत को लेकर जानकारी दी।

उन्होंने लिखा कि बाबा को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कर रही हूं। ऐसा लगता है उन्हें डीहाइड्रेशन हुआ है।

सुप्रिया ने आगे लिखा कि उन्हें अब थोड़ा आराम करने और कम यात्रा करने की जरूरत है। लेकिन बाबा सुनते ही नहीं हैं। वो अपने काम से बहुत प्यार करते हैं। आखिर में उन्होंने शुभचिंतकों का आभार भी जताया। सुप्रिया के इस स्टेटस के बाद उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के मैसेज आने लगे। सभी लोग शरद पवार के जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।

अहम बैठक बीच में ही छोड़नी पड़ी

बताया जा रहा है कि सुप्रिया सुले ने आज एनसीपी (SP) नेताओं की एक अहम बैठक बुलाई थी। इस बैठक में पार्टी में चल रहे विवाद पर खास चर्चा होनी थी। शरद पवार भी इस बैठक में शामिल होने वाले थे। लेकिन बैठक के दौरान ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। जानकारी मिलते ही सुप्रिया को भी मीटिंग बीच में ही छोड़कर अस्पताल जाना पड़ा। इससे बैठक पर भी असर पड़ा और पार्टी के नेता चिंतित हो गए।

शरद पवार की उम्र और लगातार यात्रा को देखते हुए डॉक्टरों ने पहले भी उन्हें आराम की सलाह दी थी। लेकिन वह लगातार पार्टी के काम और बैठकों में सक्रिय बने हुए हैं। यही वजह है कि सुप्रिया ने अपने स्टेटस में भी उनकी इस आदत का जिक्र किया।

एक महीने में दूसरी बार बिगड़ी तबीयत

यह एक महीने में दूसरी बार है जब शरद पवार की तबीयत खराब हुई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इससे पहले 2 नवंबर को भी उन्हें सांस लेने में तकलीफ और संक्रमण के चलते पुणे के रुबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। इलाज के बाद 7 नवंबर को उन्हें वहां से डिस्चार्ज कर दिया गया था। उस वक्त भी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक उनकी सेहत को लेकर काफी चिंतित थे।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]