चिराग पासवान करेंगे पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी से शादी!

केद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान की शादी को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर चिराग पासवान और अभिनेत्री आरुषि निशंक के रिश्ते को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं।
यहां तक कि दोनों की शादी की अटकलें भी लगाई जाने लगी हैं। आरुषि निशंक उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी हैं। अब इन चर्चाओं पर खुद आरुषि ने प्रतिक्रिया दी है और चिराग के साथ शादी की खबरों पर राजफाश किया है।
दरअसल, चिराग पासवान और आरुषि निशंक की एक तस्वीर वर्ष 2024 में सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इस तस्वीर में दोनों चिराग पासवान के आवास पर साथ बैठे नजर आ रहे थे। बताया गया था कि आरुषि उनसे मुलाकात करने पहुंची थीं और अपने साथ एक किताब उपहार के तौर पर लेकर गई थीं। हालांकि, इस मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
धीरे-धीरे इन चर्चाओं ने शादी की अटकलों का रूप ले लिया। सोशल मीडिया पर दावा किया जाने लगा कि चिराग पासवान और आरुषि निशंक एक-दूसरे के करीब हैं और जल्द ही शादी कर सकते हैं। हालांकि, दोनों की ओर से इस तरह के रिश्ते की कभी पुष्टि नहीं की गई थी।
अब अभिनेत्री और फिल्म प्रोड्यूसर आरुषि निशंक ने इन खबरों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उनसे जब चिराग पासवान के साथ शादी की अटकलों को लेकर सवाल किया गया तो वह हंस पड़ीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह तो ट्रोल मटेरियल हैं और कभी भी ट्रोल हो सकती हैं।
आरुषि ने स्पष्ट किया कि चिराग पासवान उनके बहुत अच्छे मित्र हैं और वह अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मेरा तो कहना है कि मैं ट्रोल मटेरियल हूं, मैं कभी भी ट्रोल हो सकती हूं। लेकिन मजाक से अलग, चिराग मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं और वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। मैं उन्हें बधाई देने के लिए किताब देने गई थी, जो जाहिर तौर पर शादी का कार्ड बन गया।”
