रिंकू सिंह बन गए हैं फिनिशर के तौर पर सिक्स हिटिंग मशीन, कर ली एमएस धोनी की बराबरी

टी 20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इस समय टीम इंडिया के सबसे खूंखार फिनिशर रिंकू सिंह नजर आते हैं। रिंकू सिंह ने बुधवार 21 जनवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ नागपुर में खेले गए पहले टी20 मैच में आखिरी ओवर में 2 छक्के जड़े।20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इस समय टीम इंडिया के सबसे खूंखार फिनिशर रिंकू सिंह नजर आते हैं।
इसी के साथ रिंकू सिंह ने महान फिनिशर एमएस धोनी की बराबरी कर ली। रिंकू सिंह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में आखिरी ओवर में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले अब संयुक्त रूप से दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। रिंकू सिंह ने सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ा है, जबकि लिस्ट में सबसे आगे हार्दिक पांड्या हैं।
हार्दिक पांड्या ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 20वें ओवर में अब तक 99 गेंदों का सामना किया है और 15 छक्के जड़े हैं, जबकि रिंकू सिंह ने महज 38 गेंदों में 12 बार गेंद को बाउंड्री के पार भेजा है। वहीं, लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर एमएस धोनी हैं, जिन्होंने 132 गेंदों में 12 छक्के 20वें ओवर में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में जड़े हैं। रिंकू सिंह ने सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 28 गेंदों का सामना आखिरी ओवर में किया है और 11 छक्के जड़े हैं। 49 गेंदों में 9 छक्के दिनेश कार्तिक ने जड़े हैं और विराट कोहली ने 58 गेंदों में 8 छक्के आखिरी ओवर में जड़े हैं।
भारत के लिए T20I में 20वें ओवर में सबसे ज्यादा छक्के (गेंद)
15 – हार्दिक पांड्या (99)
12 – रिंकू सिंह (38)*
12 – एमएस धोनी (132)
11 – सूर्यकुमार यादव (28)
9 – दिनेश कार्तिक (49)
8 – विराट कोहली (58)
रिंकू सिंह ने 20 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 44 रनों की ताबड़तोड़ पारी पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में खेली, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 220 का था। उन्हीं की पारी की बदौलत भारत 238 रनों तक पहुंचा था। आपको बता दें, पिछली सीरीज तक रिंकू सिंह भारत की टी20 टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन अब उनको टी20 विश्व कप 2026 के लिए भी चुन लिया गया है। पहले ये कहा जा रहा था कि टीम कॉम्बिनेशन की वजह से रिंकू सिंह को मौका नहीं मिल रहा है, लेकिन मौजूदा समय में उनसे ज्यादा खतरनाक फिनिशर आपको वर्ल्ड क्रिकेट में भी नजर नहीं आएगा, जो परिस्थिति के हिसाब से बल्लेबाजी करने में सक्षम है।
