मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अगले माह स्विट्ज़रलैंड में होने वाले प्रतिष्ठित वर्ल्ड इकोनामिक फोरम में भाग लेंगे

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अगले माह स्विट्ज़रलैंड में होने वाले प्रतिष्ठित वर्ल्ड इकोनामिक फोरम में भाग लेंगे. यह दौरा न केवल झारखंड की अंतरराष्ट्रीय पहचान को मजबूती देगा, बल्कि राज्य की औद्योगिक और आर्थिक संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर भी बनेगा.मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस दौरान वैश्विक उद्योगपतियों, निवेशकों, नीति-निर्माताओं और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के समक्ष झारखंड की निवेश क्षमता को विस्तार से रखेंगे. राज्य की समृद्ध खनिज संपदा, ऊर्जा संसाधन, औद्योगिक आधार और युवा कार्य बल को विकास की रीढ़ बताते हुए मुख्यमंत्री यह संदेश देंगे कि झारखंड अब केवल कच्चे संसाधनों का राज्य नहीं, बल्कि मूल्य संवर्धन, आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग और भविष्य के उद्योगों के लिए तैयार प्रदेश है.
निवेश के अवसर तलाशेंगे
मुख्यमंत्री अपने संबोधन और बैठकों के दौरान विदेशी निवेश, खनन-आधारित उद्योग, स्टील व एल्यूमिनियम सेक्टर, हरित ऊर्जा, ईवी मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन हाइड्रोजन और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसरों को प्रमुखता से सामने रखेंगे. साथ ही यह भी रेखांकित किया जाएगा कि राज्य सरकार ने निवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए कई नीतिगत सुधार किए हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ा है.
रणनीति का हिस्सा है यह दौरा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का यह अंतरराष्ट्रीय दौरा झारखंड सरकार की उस दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत राज्य को नीति-स्थिर, निवेश-अनुकूल और सतत विकास के माडल पर आगे बढ़ाया जा रहा है. सरकार का जोर इस बात पर है कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय रोजगार और सामाजिक संतुलन भी सुनिश्चित किया जाए. इसी कारण ग्रीन टेक्नोलाजी और क्लीन एनर्जी को झारखंड की औद्योगिक नीति का महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है.
