चुनाव प्रचार के आखिरी दिन देवघर पहुंचे CM सोरेन, BJP के ₹500 में सिलेंडर देने के वादे पर कह दी बड़ी बात

झारखंड में दूसरे और आखिरी चरण के लिए चुनाव प्रचार आज सोमवार 18 नवंबर को शाम पांच बजे खत्म हो जाएगा। झारखंड की 81 विधानसभा सीटों में से 38 सीटों के लिए 20 नवंबर को वोटिंग है।
वहीं मतों की गिनती 23 नवंबर को की जाएगी। ऐसे में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देवघर में जनसभा को संबोधित किया।
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने कहा, “वे (भाजपा) कह रहे हैं कि वे 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर देंगे, उनसे पूछिए कि असम, बिहार, उत्तर प्रदेश में लोगों को किस कीमत पर सिलेंडर मिलते हैं। वे आपको फंसाने के लिए झूठे वादे कर रहे हैं। आपको सावधान रहना होगा।”
हेमंत सोरेन ने कहा, ”भाजपा ने 20 साल झारखंड को दोनों हाथों से लूटने का काम किया, इसे जानबूझकर पिछड़ा रखने का काम किया। वहीं अबुआ सरकार ने विकास की लंबी लकीर खींची है। राज्यवासियों के आशीर्वाद से हम राज्य पर लगे पिछड़ेपन का दंश हटाने के लिए मजबूती से आगे बढ़ेंगे।”
हेमंत सोरेन ने कहा, ”मेरी सरकार में सभी जाति-धर्म के लोगों को योजनाओं का लाभ मिला। आगे भी मैं सभी को हक-अधिकार देने के लिए काम करूंगा। वहीं, भाजपा सिर्फ समाज को तोड़ने का काम करती है।”
जामा विधानसभा में हेमंत सोरेन ने कहा, ”भाजपा ने महंगाई का बोझ देकर गरीब और मध्यम वर्ग परिवारों की कमर तोड़ने का काम किया। हमने राज्य की जनता का बकाया बिजली बिल माफ और कृषि ऋण माफ करने के साथ-साथ कई योजनाओं से जोड़कर लोगों का बोझ कम कर उन्हें मजबूत बनाने का काम किया है।”
