भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने (24 जुलाई) को यॉर्कशायर के लिए अपने डेब्यू मैच में प्रभावशाली प्रदर्शन किया

स्टार भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने शुक्रवार (24 जुलाई) को यॉर्कशायर के लिए अपने डेब्यू मैच में प्रभावशाली प्रदर्शन किया. उन्होंने हाल ही में यॉर्कशायर के साथ पांच डोमेस्टिक वन-डे कप और तीन काउंटी चैंपियनशिप मैचों के लिए करार किया है.
वन-डे कप में खेलते हुए इस बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर ने अपने 10 ओवरों के कोटे में 39 रन देकर 2 विकेट लिए.
कानपुर के 31 वर्षीय यह खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था. इसके बाद उन्होंने यॉर्कशायर के लिए अपने स्पेल के आखिरी ओवर में अपनी क्लास दिखाई. कोच गौतम गंभीर जोऔर कप्तान शुभमन गिल ने उनके ऊपर भरोसा नहीं जताया था और टीम को सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था.
आखिरी ओवर में कुलदीप का कहर
कुलदीप ने ग्लैमरगन की पारी के 44वें ओवर की पहली ही गेंद पर प्रहार किया. उन्होंने एलेक्स हॉर्टन को आउट किया, जिन्होंने 42 गेंदों में 30 रन बनाए थे और उनका कैच विल बेनिसन ने लपका. इसके ठीक दो गेंदों बाद उन्होंने जेमी मैकलरॉय को शून्य के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया, जिसका कैच जैक व्हाइट ने पकड़ा. कुलदीप की इस सटीक गेंदबाजी ने खेल के अंतिम चरणों में विपक्षी टीम पर भारी दबाव बना दिया.
186 पर ग्लैमरगन की टीम ढेर
वेल्स के नीथ में ‘द नोल’ क्रिकेट ग्राउंड पर कुलदीप की गेंदबाजी की मदद से यॉर्कशायर ने ग्लैमरगन को 47 ओवरों में सिर्फ 186 रनों पर ढेर कर दिया. कुलदीप के अलावा, जॉर्ज हिल और जैक व्हाइट ने भी दो-दो विकेट झटके. हालांकि, इस पारी के असली स्टार बेंजामिन क्लिफ रहे. उन्होंने अपने आठ ओवरों में मात्र 29 रन देकर शानदार चार विकेट हासिल किए.
इंग्लैंड में कब तक रहेंगे कुलदीप?
भारत के लिए 121 वनडे मैचों में 194 विकेट लेने वाले कुलदीप अभी यॉर्कशायर के लिए चार और वन-डे कप मैच खेलेंगे. इसके बाद वह सितंबर में वापस इंग्लैंड आएंगे ताकि यॉर्कशायर के अंतिम चार काउंटी चैंपियनशिप मैचों में से तीन में हिस्सा ले सकें. यॉर्कशायर को उम्मीद है कि कुलदीप का अनुभव टीम के गेंदबाजी आक्रमण को और मजबूती देगा.
