ओबरा पुलिस की तत्परता – 02 दिन से लापता छात्र सूचना मिलने के मात्र 03 घंटे में सकुशल बरामद, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
ओबरा पुलिस की तत्परता – 02 दिन से लापता छात्र सूचना मिलने के मात्र 03 घंटे में सकुशल बरामद, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

“सतर्क पुलिस – सुरक्षित बचपन”* के संकल्प को साकार करते हुए थाना ओबरा पुलिस ने अपनी त्वरित, संवेदनशील एवं तकनीकी कार्यशैली का परिचय देते हुए 02 दिन से लापता 14 वर्षीय छात्र को सूचना प्राप्त होने के मात्र 03 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया।
घटना का विवरण –
दिनांक 25.07.2026 को थाना ओबरा पर आवेदक कृष्णा नन्द दूबे पुत्र हेशराम दूबे निवासी ग्राम कुलडोमरी, थाना अनपरा, जनपद सोनभद्र द्वारा सूचना दी गई कि उनका 14 वर्षीय पुत्र *विनीत कुमार*, जो चुनार (जनपद मीरजापुर) स्थित श्रीमती भागीरथी ट्रस्ट आदर्श विद्यालय में कक्षा-09 का छात्र है, दिनांक 24.07.2026 को विद्यालय से घर के लिए निकला था, किन्तु घर नहीं पहुँचा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ओबरा पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस टीम द्वारा संभावित मार्गों एवं प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन परीक्षण किया गया, उपलब्ध तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया तथा स्थानीय लोगों से समन्वय स्थापित कर सघन खोज अभियान चलाया गया।
पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप सूचना प्राप्त होने के मात्र *03 घंटे* के भीतर बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में बालक ने बताया कि रास्ता भटक जाने के कारण वह रात्रि में एक मंदिर के पुजारी के यहाँ रुक गया था। आवश्यक विधिक औपचारिकताएँ पूर्ण करने के उपरांत थाना ओबरा पुलिस द्वारा बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने पुत्र को सुरक्षित पाकर परिजनों ने भावुक होकर थाना ओबरा पुलिस का आभार व्यक्त किया तथा पुलिस की त्वरित एवं मानवीय कार्यशैली की सराहना की।
*बरामदगी करने वाली पुलिस टीम*
1. उ0नि0 सुनील कुमार, चौकी प्रभारी कस्बा, थाना ओबरा।
2. उ0नि0 राम सिंह यादव, प्रभारी मिशन शक्ति, थाना ओबरा।
3. हे0का0 संतोष पटेल, चौकी कस्बा, थाना ओबरा।
4. हे0का0 अनिल गुप्ता, चौकी कस्बा, थाना ओबरा।
5. म0का0 रिंकू गुप्ता, थाना ओबरा।
6. म0का0 रंजना यादव, थाना ओबरा।
7. म0का0 अर्चना, थाना ओबरा।
