लखीमपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक-मैजिक भिड़ंत में 10 की मौत

लखीमपुर खीरी में सोमवार सुबह हुआ एक सड़क हादसा पूरे इलाके को दहला गया। पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर सिसैया के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और यात्रियों से भरी टाटा मैजिक की आमने-सामने टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भयानक थी कि मैजिक वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। कुछ ही मिनटों में सड़क पर अफरा-तफरी और लंबा जाम लग गया। जानकारी के मुताबिक टाटा मैजिक में कुल 14 लोग सवार थे, जो लखीमपुर से ईसानगर की ओर जा रहे थे। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी। भयानक टक्‍कर के कारण कई यात्री, वाहन की सीटों और लोहे के ढांचे के बीच बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला। कुछ शवों को निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। सभी को सीएचसी खमरिया पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया। चार गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि मृतकों की पहचान कराने और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों का इलाज जारी है। हादसे की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]