*अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) सोनभद्र द्वारा थाना बीजपुर का आकस्मिक निरीक्षण

*अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) सोनभद्र द्वारा थाना बीजपुर का आकस्मिक निरीक्षण, अभिलेखों का किया गया गहन परीक्षण एवं दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

आज दिनांक 05.07.2026 को अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), सोनभद्र श्री ऋषभ रुणवाल द्वारा थाना बीजपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केन्द्र, सीसीटीएनएस कक्ष, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय तथा थाना परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया। इस दौरान अपराध रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर, विवेचना पंजिका, महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित प्रकरणों तथा साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) श्री ऋषभ रुणवाल द्वारा थाने के मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सहायता एवं परामर्श संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि महिला संबंधी शिकायतों का त्वरित, संवेदनशील एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुरक्षा एवं सहायता सेवाओं के प्रति अधिकाधिक जागरूक किया जाए।

इसके अतिरिक्त थाना क्षेत्र में प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, अपराधों की रोकथाम, रात्रि गश्त एवं वाहन चेकिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बीट पुलिसिंग को सक्रिय रखते हुए आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने एवं प्राप्त शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के समुचित रख-रखाव एवं पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही समस्त पुलिस कर्मियों को अनुशासित एवं संवेदनशील कार्यशैली अपनाते हुए अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया गया।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]