खराब सड़क व गड्ढों ने बढ़ाया दुर्घटनाओं का खतरा, ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
खराब सड़क व गड्ढों ने बढ़ाया दुर्घटनाओं का खतरा, ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

संवाददाता राजू यादव क्राइम न्यूज़ जिला सोनभद्र
शक्तिनगर (सोनभद्र)।
शक्तिनगर परिक्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के पीछे खराब सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को प्रमुख कारण माना जा रहा है। सड़कों की जर्जर हालत और वाहनों की तेज रफ्तार ने आमजन की जान को खतरे में डाल दिया है। क्षेत्र में आए दिन हो रहे हादसों से लोगों में आक्रोश के साथ-साथ भय का माहौल व्याप्त है।
इसी क्रम में कोटा ग्राम पंचायत के झरना निवासी कई ग्रामीणों ने सोमवार को ज्वालामुखी मंदिर के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढों की समस्या को लेकर थाना प्रभारी शक्तिनगर कमल नयन दुबे को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग अत्यंत व्यस्त है, बावजूद इसके सड़क पर लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जो दुर्घटनाओं को खुला निमंत्रण दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि खराब सड़क और ओवरस्पीडिंग के कारण हाल ही में एक अनमोल जान चली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और रोष का माहौल है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत, गड्ढों को भरने और यातायात नियंत्रण के ठोस उपाय नहीं किए गए, तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
थाना प्रभारी कमल नयन दुबे ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि सड़क की खराब स्थिति से संबंधित विभाग को अवगत कराया जाएगा। साथ ही, दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ओवरस्पीडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आवश्यक पुलिस निगरानी बढ़ाई जाएगी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि ज्वालामुखी मंदिर के पास सहित पूरे मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, गड्ढों को भरा जाए, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को अपने प्रियजन को न खोना पड़े।
ज्ञापन सौंपने वालों में रवि कुमार चंद्रवंशी, विकास, तुषार, राहुल, अनुराग, राजा, अंकुश सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
