धोरपा गांव में युवक ने सल्फास खाकर व गला रेतकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

धोरपा गांव में युवक ने सल्फास खाकर व गला रेतकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

उपेंद्र तिवारी सोनभद्र ब्यूरो

विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के धोरपा गांव में गुरुवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में सल्फास खाकर व ब्लेड से अपना गला रेतकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धोरपा गांव निवासी रमाकांत (22) पुत्र जयकुमार ने सुबह करीब 11 बजे घर में रखा विषाक्त पदार्थ (सल्फास) खा लिया और ब्लेड से अपने गले पर वार कर लिया। घटना के बाद रमाकांत ने अपने जीजा मुरारी यादव को फोन कर बताया कि उसने सल्फास खा लिया है और गला काट लिया है। उस वक्त पिता जयकुमार, जो राजमिस्त्री का कार्य करते हैं, घर पर मौजूद नहीं थे।

दामाद से सूचना पाकर पिता जयकुमार घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर देखा तो रमाकांत लहूलुहान हालत में पड़ा था। आनन-फानन में परिजनों ने उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। चिकित्साधिकारी डॉ. शाह आलम ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया गया कि जब परिजन एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी रमाकांत की तबियत और बिगड़ गई। चिकित्सक डॉ. आलम तुरंत एंबुलेंस तक पहुंचे, लेकिन तब तक रमाकांत की सांसें थम चुकी थीं।

मृतक चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी एक बड़ी विवाहित बहन और दो छोटे भाई-बहन हैं। रमाकांत अविवाहित था और एक निजी कॉलेज में आईटीआई का छात्र था। कुछ समय पहले वह रेनुकूट हिंडालको में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था, लेकिन इन दिनों घर पर ही रह रहा था।

घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन ने मेमो के माध्यम से दुद्धी कोतवाली पुलिस को दे दी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। समाचार लिखे जाने तक शव सीएचसी परिसर में ही रखा गया था, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]