प्रेमानंद जी महाराज ने की कलियुग की भविष्यवाणी, जानिए कैसा होगा संसार में महाप्रलय

प्रेमानंद जी महाराज वृंदावन के साधु हैं जिनके भक्त दूर-दूर से प्रवचन सुनने पहुंचते हैं. सोशल मीडिया पर भी प्रेमानंद महाराज की उपस्थिति है और उनकी कही बातें, प्रवचन और सलाह सोशल मीडिया पर खूब वायरल होती रहती हैं.
ऐसे ही एक वीडियो में प्रेमानंद जी महाराज कलियुग की भविष्यवाणी करते नजर आए. हिंदू धर्म में कलियुग को योग चक्र का चौथा युग बताया गया है और इसे सबसे अपवित्र युग माना गया है. कहते हैं कलियुग वह समय होगा जिसमें पाप और अधर्म अपने चरम पर होगा और अंत करीब आने लगेगा. हिंदू पुराणों में कलियुग को लेकर कहा गया है कि कलियुग का अंत महाप्रलय के साथ होगा. कलियुग को अंधकार का युग या दुराचार का युग भी कहा जाता है. ऐसे में प्रेमानंद महाराज ने कलियुग की भविष्यवाणी की है और बताया है कलियुग कैसा होगा और महाप्रलय कैसे आएगा.
प्रेमानंज जी महाराज ने की कलियुग की भविष्यवाणी
प्रेमानंद जी महाराज ने कहा कि कलियुग की आयु 4 लाख 32 हजार वर्षों की है. कलियुग में घोर पाप आचरण का वातावरण होगा. अपवित्र व्यवहार होगा. इसीलिए अभी ही भजन कर लो क्योंकि कलियुग में ऐसा नहीं हो पाएगा. भगवान सच्चिदानंद जब कलकि अवतार (Kalki Avatar) धारण करते हैं और दुष्टों का संहार करते हैं तो उस समय से फिर सतयुग प्रारंभ होता है.
कलियुग के संदर्भ में प्रेमानंद जी महाराज ने कहा कि कलियुग जब अपने चरम पर होगा तो झूठ, असत्य, हिंसा, शोक, मोह, अंसतोष और कलह भी अपने चरम पर होंगे.
जब कलियुग का राज होता है तब लोगों की दृष्टि भ्रष्ट हो जाती है. अधिकांश लोग अत्यंत निर्धन होते हैं, भूख बढ़ जाती है, भाग्य मंद होता है, चित्त में बड़ी-बड़ी कामनाएं होती हैं. प्रेमानंद जी महाराज कहते हैं कि जब कलियुग आएगा तो लुटेरों की संख्या बढ़ जाएगी. कोई सत्य मार्ग का पथिक साधू नहीं रहेगा बल्कि लोग पाखंड के रास्ते पर चलेंगे. कलियुग में पाखंडियों का बोलबाला रहेगा और शास्त्रों को खराब करने लगेंगे. सन्यासी धनी होंगे और धन के लोभी होंगे. स्त्रियों का आकार छोटा होने लगेगा पर उनकी भूख बढ़ने लगेगी. संतानें अधिक होंगी और मर्यादा का त्याग करके अपवित्र आचरण रखेंगी. मुंह से कड़वी बात बोलेंगी, चोरी और कपट करने में निपुण होंगी. व्यापारियों के ह्रदय अत्यंत क्षुद्र हो जाएंगे और कोड़ियों के लिए धोखाधड़ी करने लगेंगे.
प्रेमानंद जी महाराज आगे बताते हैं कि कलियुग में महाप्रलय होगा तो सूखा पड़ेगा, लोग भूख से तड़पने लगेंगे. कलियुग के मनुष्य अपनी काम वासना को पूरा करने के लिए ही किसी से प्यार का नाटक करेंगे. वहीं, अगर कलियुग में एक बार भी भगवान के नाम का स्मरण कर लिया जाए तो पापों से मुक्ति मिलेगी.
