संध्या जी का नेक कदम: गर्मी में प्यासों के लिए शीतल जल, पक्षियों और गिलहरियों को भी नहीं भूलीं
संध्या जी का नेक कदम: गर्मी में प्यासों के लिए शीतल जल, पक्षियों और गिलहरियों को भी नहीं भूलीं

संवाददाता रितेश शर्मा
शक्तिनगर/सोनभद्र। गर्मी की तेज धूप और बढ़ते तापमान में जब हर कोई राहत की तलाश में है, ऐसे में एक सराहनीय पहल की गई है। आवासीय परिसर में रहने वाली हमारी संध्या जी ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए कामगारों और फेरी लगाने वालों के लिए शीतल जल की व्यवस्था की है।

इन दिनों जैसे ही गर्मी शुरू हुई, उन्होंने अपने घर के बाहर एक जल पात्र स्थापित किया जिसमें नियमित रूप से ठंडा पानी भरवाया जा रहा है। इस पहल से रोज़ाना आने-जाने वाले श्रमिकों और राहगीरों को बड़ी राहत मिल रही है। इतना ही नहीं, संध्या जी सालभर पक्षियों और गिलहरियों के लिए दाना और पानी की व्यवस्था भी करती हैं।

उनकी इस सेवा भावना से न केवल इंसानों को बल्कि बेज़ुबानों को भी राहत मिल रही है। यह कदम समाज में जागरूकता फैलाने और दूसरों को प्रेरणा देने का कार्य कर रहा है।स्थानीय निवासियों ने उनकी इस पहल की सराहना की है और कई लोग अब उनके इस प्रयास से प्रेरित होकर अपने स्तर पर भी ऐसी व्यवस्था करने का मन बना रहे हैं।
