जर्जर ट्रांसफार्मर बदलकर नया लगाने की मांग, ग्रामीणों ने जताया हादसे का अंदेशा

जर्जर ट्रांसफार्मर बदलकर नया लगाने की मांग, ग्रामीणों ने जताया हादसे का अंदेशा

संवाददाता (अहमद राजा )

म्योरपुर (सोनभद्र): म्योरपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत कुण्डाडीह के टोला चन्दभान नगर में पिछले एक महीने से जर्जर एवं खराब ट्रांसफार्मर के सहारे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर में आए दिन खराबी आ जाती है, जिससे बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती रहती है। विभागीय कर्मचारियों को बुलाकर हर बार अस्थायी रूप से ट्रांसफार्मर ठीक कराया जाता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कभी-कभी विभागीय कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ती है। लगातार बिजली बाधित रहने से पेयजल व्यवस्था, घरेलू कार्य, बच्चों की पढ़ाई तथा दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है।

ग्राम प्रधान सुरेंद्र चंद्रवंशी तथा ग्रामीण सूरज कुमार, राजू,मेहदी,बबलू, राजन, सम्पत वियार, जय प्रकाश,इमरान असरफ, अननत, सफीक अहमद,मुबारक़ सुनील, तमाम ग्रामीण ने विद्युत विभाग से जर्जर ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।

इस संबंध में क्षेत्र के जेई जय विनय कुमार बिंद से संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया, “जब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह से जल नहीं जाता, तब तक उसे बदला नहीं जाएगा।”

विभाग के इस जवाब से ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पूरी तरह जलने का इंतजार करने के बजाय जर्जर ट्रांसफार्मर को पहले ही बदल दिया जाना चाहिए, ताकि बार-बार होने वाली बिजली बाधित होने की समस्या समाप्त हो सके और किसी संभावित हादसे से बचा जा सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]