सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित

सिक्किम के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। सिक्किम के उत्तरी हिस्से में बुधवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश से मंगन और जांगु क्षेत्र में जान-माल की व्यापक क्षति हुई है।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अम्बीथांग और पाकसेप में भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन में कम से कम पांच लोग बह गए हैं जबकि एक शव बरामद किया गया है। जांगु और नामपथांग में भूस्खलन से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। भूस्खलन की चपेट में आकर कई सड़क मार्ग भी टूट गए हैं, जिससे यातायात बाधित हो गया है। सांकलांग में पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। बिजली और मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन और संबंधित विभाग राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
