सड़क सुरक्षा और राजस्व संग्रह में उत्कृष्ट कार्य का मिला सम्मान, संगीता मरावी बनीं परिवहन निरीक्षक
सड़क सुरक्षा और राजस्व संग्रह में उत्कृष्ट कार्य का मिला सम्मान, संगीता मरावी बनीं परिवहन निरीक्षक

सिंगरौली। उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रभावी नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के आधार पर आरटीओ चेक पॉइंट सिंगरौली की प्रभारी संगीता मरावी को परिवहन उप निरीक्षक से पदोन्नत कर परिवहन निरीक्षक बनाया गया है। पदोन्नति के उपरांत भी उनकी कार्यकुशलता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने उनकी पदस्थापना आरटीओ चेक पॉइंट सिंगरौली में यथावत रखते हुए उन पर अपना विश्वास कायम रखा है ग्राउंड जीरो रिपोर्ट के अनुसार, मात्र तीन माह के अल्प कार्यकाल में संगीता मरावी ने सड़क सुरक्षा और शासकीय राजस्व संग्रह के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अपनी प्रशासनिक दक्षता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। उन्होंने ‘सुरक्षित सफर-जनजागरूकता अभियान’ के अंतर्गत पुलिस विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए व्यावसायिक वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने का विशेष अभियान चलाया। वहीं यात्री बसों में डबल डोर, आपातकालीन खिड़की एवं VLTD (व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) जैसी अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने के लिए व्यापक जांच अभियान संचालित किए, जिससे सड़क सुरक्षा मानकों को मजबूती मिली और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिला इसके साथ ही उन्होंने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बिना कर, बिना वैध दस्तावेज, ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस, बिना तिरपाल एवं अन्य परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध लगातार सघन कार्रवाई की। कर एवं शास्ति की वसूली में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए उन्होंने शासकीय राजस्व संग्रह के क्षेत्र में पूर्व के सभी रिकॉर्ड से बेहतर प्रदर्शन दर्ज कराया, जो उनकी कार्यकुशलता, दृढ़ निर्णय क्षमता एवं प्रभावी नेतृत्व का प्रमाण माना जा रहा है संगीता मरावी की दूरदर्शी सोच, कठिन परिस्थितियों में भी त्वरित एवं सकारात्मक निर्णय लेने की क्षमता तथा वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों के साथ उनके संतुलित, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार ने उन्हें विभाग के एक कुशल, अनुशासित एवं परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में स्थापित किया है पदोन्नति के अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर की गरिमामयी उपस्थिति में परिवहन कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आरटीओ चेक पॉइंट सिंगरौली के स्टॉफ की मौजूदगी में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर ने अपने करकमलों से संगीता मरावी के कंधों पर परिवहन निरीक्षक के स्टार लगाकर उन्हें सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह पदोन्नति उनकी मेहनत, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली का सम्मान है। समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन करते हुए शुभकामनाएं दीं विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संगीता मरावी की पदोन्नति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक अधिकारी की पदोन्नति नहीं, बल्कि उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति, पारदर्शी प्रशासन, सड़क सुरक्षा के प्रति समर्पण तथा शासकीय राजस्व वृद्धि के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों की पहचान है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में सिंगरौली में सड़क सुरक्षा, परिवहन अनुशासन एवं राजस्व संग्रह के क्षेत्र में आगे भी नए कीर्तिमान स्थापित होंगे।
