नार्वे पहुंचने पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया

यूरोप के चार देशों के दौरे के क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वीडन के बाद नार्वे पहुंच गए हैं। यहां वे नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ व्यापार,प्रौद्योगिकी और दूसरे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर बातचीत करेंगे।गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी का नॉर्वे का यह पहला दौरा है। यह 43 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का नॉर्वे का पहला दौरा भी होगा।
नार्वे पहुंचने पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया। उनकी अगवानी के लिए हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर और इस स्कैंडिनेवियाई देश के अन्य शीर्ष नेताओं मौजूद रहे। अपनी नार्वे यात्रा को लेकर पीएम मोदी ने’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मुझे विश्वास है कि यह यात्रा भारत-नॉर्वे की मित्रता में नया जोश भरेगी।
भारतीय मूल के लोगों ने नृत्य और संगीत से किया स्वागत
यहां होटल पहुंचने पर भारतीय मूल के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों के साथ किया। अपनी दो दिन की यात्रा के दौरान, मोदी सम्राट हेराल्ड पंचम और साम्राज्ञी सोनजा से मिलेंगे और प्रधानमंत्री स्टोर के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे।
पीएम मोदी की नार्वे की यात्रा को लेकर विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है। इसमें मंत्रालय ने कहा कि वह भारत-नॉर्वे रिश्तों में हुई प्रगति की भी समीक्षा करेंगे तथा व्यापार एवं निवेश पर ध्यान देते हुए उन्हें और मजबूत करने के रास्ते तलाशेंगे।
तीसरे भारत-नॉर्डिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी
इसके साथ ही मोदी मंगलवार को ओस्लो में तीसरे भारत-नॉर्डिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन को लेकर मंत्रालय ने कहा कि यह उनके नॉर्डिक समकक्षों से मिलने का शानदार मौका होगा। इस शिखर सम्मेलन में नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के प्रधानमंत्री भी हिस्सा लेंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह सम्मेलन अप्रैल 2018 में स्टॉकहोम और मई 2022 में कोपेनहेगन में हुए पिछले दो सम्मेलनों पर आधारित होगा,और नॉर्डिक देशों के साथ भारत के रिश्तों को और अधिक रणनीतिक आयाम प्रदान करेगा।
भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान सम्मेलन को भी करेंगे संबोधित
मंत्रालय के मुताबिक, मोदी नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ भारत-नॉर्वे व्यापार और अनुसंधान सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि यह यात्रा द्विपक्षीय व्यापार को गति प्रदान करने का एक अवसर भी होगी जो 2024 में लगभग 2.73 अरब डॉलर था।
