वेदांता ग्रुप के चेयरमैन और देश के जाने-माने उद्योगपति अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का 49 वर्ष की उम्र में अमेरिका के न्यूयॉर्क में निधन

वेदांता ग्रुप के चेयरमैन और देश के जाने-माने उद्योगपति अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का 49 वर्ष की उम्र में अमेरिका के न्यूयॉर्क में निधन हो गया।
अग्निवेश अमेरिका में स्कीइंग करते समय एक गंभीर हादसे का शिकार हो गए थे।
हादसे के बाद उन्हें न्यूयॉर्क के माउंट सिनाई अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई। स्कीइंग दुर्घटना के बाद ही अग्निवेश की हालत नाजुक हुई थी।
ऐसे में आइए जानते हैं कि क्या होती है स्कीइंग, जिसको करते समय हादसे का शिकार हुए अग्निवेश अग्रवाल।
क्या होती है स्कीइंग? (What is Skiing)
स्कीइंग एक रोमांचक शीतकालीन खेल और एडवेंचर एक्टिविटी है, जो बर्फ से ढकी पहाड़ियों पर की जाती है। इसमें खिलाड़ी अपने पैरों के नीचे लंबी और पतली पट्टियां बांधते हैं, जिन्हें स्की कहा जाता है और बर्फ पर फिसलते हुए आगे बढ़ते हैं। संतुलन बनाए रखने और रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए हाथों में विशेष पोल यानी छड़ियां पकड़ी जाती हैं।
स्कीइंग केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि एक प्रतिस्पर्धी खेल भी है। सर्दियों में बड़ी संख्या में पर्यटक स्कीइंग का आनंद लेने पहाड़ी इलाकों की ओर रुख करते हैं। अमेरिका जैसे देशों में ये बहुत मशहूर है। हालांकि यह खेल जितना रोमांचक है, उतना ही जोखिम भरा भी माना जाता है, क्योंकि तेज रफ्तार और ऊंची ढलानों के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है।
