ट्रेन के एसी कोच में मैगी बनाती दिखी महिला

ट्रेन में सफर करने वालों के लिए सबसे खूबसूरत यादों में से एक होती है. परिवार के साथ ढेर सारा खाना ले जाना और रास्ते के नजारों का मजा लेते हुए उसे खाना. दादी के हाथ की पूरी-सब्जी हो, घर से पैक की गई थेपला-मठरी हो या फिर स्टेशन पर मिल जाने वाली गरमा-गरम चाय-कॉफी.
ट्रेन और खाना एक-दूसरे के बिना जैसे अधूरे हैं, लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है, जिसने यात्रियों के बीच बहस छेड़ दी है. इस बार कहानी खाने की नहीं, ट्रेन के अंदर खाना बनाने की है.
ट्रेन के एसी कोच में मैगी बनाती दिखी महिला
वायरल वीडियो महाराष्ट्र की एक महिला का है, जिसे ट्रेन के एसी कोच के अंदर केतली में मैगी पकाते हुए देखा गया. वीडियो में महिला इलेक्ट्रिक केतली को एसी सॉकेट में लगाकर उसमें मैगी बनाती नजर आती है और वीडियो में बनवाती है. आमतौर पर ऐसे दृश्य किसी हॉस्टल के कमरे में देखने को मिलते हैं, लेकिन ट्रेन में ऐसा होते देख कई लोग हैरान रह गए.
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं. वीडियो पर सेंट्रल रेलवे ने कहा कि यह गैरकानूनी और खतरनाक है और महिला के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है. यात्रियों से ऐसी गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी गई है.
कुछ यूजर्स का कहना है कि चलती ट्रेन में इस तरह इलेक्ट्रिक एप्प्लायंस का इस्तेमाल बड़ी जोखिम पैदा कर सकता है. उनका कहना है कि ज्यादा लोड पड़ने की वजह से सर्किट ओवरहीट हो सकता है और आग भी लग सकती है. वहीं कुछ लोगों ने कहा की यात्रियों को नियमों का पालन करना चाहिए.
लोगों ने रेलवे प्रशासन पर किए सवाल
हालांकि कुछ यूजर्स ने इस दावे पर सवाल भी उठाए. एक व्यक्ति ने लिखा कि अगर ट्रेन में लैपटॉप चार्ज हो सकता है तो फिर केतली का इस्तेमाल खतरनाक कैसे? इस पर भी बहस जारी रही. बहुत से लोगों ने रेलवे से सवाल किया कि केतली जैसी चीजें ट्रेन में अंदर लाने पर रोक क्यों नहीं है? कुछ ने आरोप लगाया कि टिकट होने का मतलब यह नहीं कि कोई व्यक्ति डिब्बे के अंदर कुछ भी करने के लिए आजाद है.
