बांका की एक दुकान में आग लगने से 8 सिलेंडर फटे

(बांका)। साहबगंज चौक गुरुवार की देर शाम तेज धमाकों से गूंज उठा, जब लालो भगत की दुकान में रखे घरेलू गैस सिलेंडर और अवैध रूप से बेचे जा रहे पेट्रोल में आग लग गई।
आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते आठ सिलेंडर एक-एक कर फट गए।
घटना में कृष कुमार भगत (17) और जितेंद्र कुमार यादव (43) गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए बोकारो स्थित बर्न अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने मौके से लगभग 25 अधजले सिलेंडर बरामद किए हैं, जिनके कागजात दुकानदार प्रस्तुत नहीं कर सका। विस्फोट से लालो भगत और अमन कुमार की दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के समय पुलिस और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए थे।
चश्मदीदों के अनुसार, अंतिम सिलेंडर के फटने से दुकान का टीना एलवेस्टर चदरा कई टुकड़ों में बिखर गया। गनीमत रही कि कोई भी पुलिसकर्मी या दमकलकर्मी इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद पूरे साहबगंज बाजार में दहशत का माहौल है। वहीं क्षेत्र के गैस सिलेंडर कालाबाजारियों में हड़कंप मच गया है। कई लोगों ने अपने अवैध सिलेंडर छिपा दिए हैं तो कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर ली हैं।
