प्रयागराज में महाकुंभ स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस दर्दनाक हादसे का शिकार……

प्रयागराज में महाकुंभ स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। दौसा जिले के महुआ क्षेत्र में पीपलखेड़ा गांव के पास हाईवे पर अचानक एक गाय के आ जाने से बस अनियंत्रित होकर पलट गई।इस दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें से छह लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जयपुर रेफर किया गया है।बस तेज रफ्तार में थी और हाईवे पर अचानक एक गाय आ गई। बस चालक ने गाय को बचाने की कोशिश की, जिससे बस संतुलन खो बैठी और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस हाईवे की दूसरी लेन में जाने से बाल-बाल बची। गनीमत रही कि उस समय पीछे से कोई दूसरा वाहन नहीं आ रहा था, वरना हादसा और बड़ा हो सकता था।
