भारत ने सऊदी अरब के साथ इस साल के हज को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर किया

भारत ने सऊदी अरब के साथ इस साल के हज को लेकर समझौते पर हस्ताक्षर किया और पिछले वर्ष की तरह इस बार भी 1,75,025 तीर्थयात्रियों का कोटा तय किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दोनों देशों के बीच इस समझौते का स्वागत किया और कहा कि सरकार भारतीय हज यात्रियों के लिए बेहतर अनुभव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जेद्दा में सऊदी अरब के हज और उमरा मंत्री तौफीक बिन फौजान अल-रबिया के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए। रिजिजू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘सऊदी अरब के हज और उमरा मंत्री तौफीक बिन फौजान अल-रबिया के साथ हज समझौते 2025 पर हस्ताक्षर किए गए।
हज-2025 के लिए भारत से 1,75,025 तीर्थयात्रियों के कोटा को अंतिम रूप दिया गया। हम अपने सभी हजयात्रियों को सर्वोत्तम संभव सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’ उनका कहना था, ‘सऊदी के हज और उमरा मंत्री के साथ बैठक में हमने हज-2025 से संबंधित महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा की और भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए इस हज यात्रा के अनुभव को और बेहतर बनाने के उपायों पर विचार किया। इससे हमारे द्विपक्षीय संबंध भी मजबूत होंगे।’
