गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिये भाजपा का संकल्प पत्र जारी कर दिया

गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिये भाजपा (BJP) का संकल्प पत्र जारी कर दिया है। अमित शाह ने कहा कि झारखंड की जनता को कैसी सरकार चाहिए ये उन्हें तय करना है।हम बस झारखंड को विकास के रास्ते पर ले जाएंगे और कुशासन व भ्रष्टाचार का अंत करेंगे।
अमित शाह ने कहा कि ये चुनाव झारखंड का भविष्य सुरक्षित करने का चुनाव है। जनता को ये तय करना है कि उन्हें घुसपैठ वाली सरकार चाहिए या सुरक्षा वाली। आगे उन्होंने कहा कि बीजेपी माटी, बेटी और रोटी की सुरक्षा करेगी।
महिलाओं को 2100 रुपये की सहायता राशि
अपने संबोधन में अमित शाह ने झारखंड के गठन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भाजपा के घोषणापत्र के 25 प्रमुख बिंदुओं का जिक्र किया। उन्होंने आयुष्मान योजना के तहत 10 लाख का निशुल्क इलाज, गोगो दीदी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये की सहायता राशि, पेपर लीक रोकने के लिए कड़े कानून बनाने का भी वादा किया।
