प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज झारखंड के हजारीबाग में 83,300 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को झारखंड के हजारीबाग में 83,300 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की है। पिछले 17 दिनों में यह उनका दूसरा झारखंड दौरा है।इससे पहले पीएम मोदी ने 15 सितंबर को जमशेदपुर का दौरा किया था। प्रधानमंत्री की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य राज्य और खासतौर पर आदिवासी समुदायों के विकास को बढ़ावा देना है।
मोदी ने अपने दौरे के दौरान 40 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का उद्घाटन किया और 25 और विद्यालयों की आधारशिला रखी। इन विद्यालयों के निर्माण के लिए 2,800 करोड़ रुपए से अधिक का बजट आवंटित किया गया है। इन शैक्षिक पहलों से 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 549 जिलों और 2,740 ब्लॉकों के 63,000 से अधिक गांवों में आदिवासी छात्रों को लाभ होगा। इससे 5 करोड़ से अधिक आदिवासी व्यक्तियों का जीवन प्रभावित होगा। यह सरकार की ओर से आदिवासी समुदायों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
‘यूनिवर्स बॉस’ ने की PM मोदी से मुलाकात, प्रधानमंत्री के साथ अलग अंदाज में दिखे क्रिस गेल; VIDEO
प्रधानमंत्री ने धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान की भी शुरुआत की। जिसका बजट 79,150 करोड़ रुपए है। यह योजना आदिवासी बहुल गांवों में विकास को गति देने के लिए बनाई गई है। इस अभियान के तहत गांवों में घर, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण योजना का उद्देश्य आदिवासी समुदायों के समग्र विकास और उनके आर्थिक सशक्तिकरण को सुनिश्चित करना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में स्वच्छ भारत मिशन की 10वीं वर्षगांठ पर जोर देते हुए कहा कि आज से 1,000 साल बाद जब 21वीं सदी के भारत का अध्ययन किया जाएगा तो स्वच्छ भारत अभियान को एक ऐतिहासिक जन आंदोलन के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छ भारत दुनिया का सबसे बड़ा जन अभियान है। जो लोगों द्वारा चलाया गया और इसमें लोगों की महत्वपूर्ण भागीदारी रही।
स्वच्छ भारत मिशन जो 2 अक्टूबर 2014 को शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य खुले में शौच को समाप्त करना और स्वच्छता के स्तर को बेहतर बनाना है। इस मिशन ने भारत को एक स्वच्छ और स्वस्थ राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
हजारीबाग में प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन समारोह में भी हिस्सा लिया। यह यात्रा 20 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा शुरू की गई थी और पूरे राज्य के 81 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी है। यह यात्रा भाजपा की झारखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी का हिस्सा है। जो दिसंबर 2024 में होने वाले हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा और महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन राज्य के विकास और आदिवासी समुदायों की बेहतरी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह दौरा राजनीतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है। क्योंकि झारखंड में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और सभी दल अपनी रणनीतियां बना रहे हैं।
