मुकेश अंबानी ने पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई दी कहा- भारत विकास का इंजन है, न कि सिर्फ गाड़ी

रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालाना आम बैठक में कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने लगातार तीसरी बार जीत के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई दी. अपने भाषण में मुकेश अंबानी ने कहा कि अब ग्लेबल साउथ में विकास संबंधी विषमताओं को नजरअंदाज करना संभव नहीं है.
आरआईएल के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि ‘दुनिया के स्तर पर अपने समकक्षों के बीच भारत की जनसांख्यिकी बेजोड़ है, कर्ज का बोझ हल्का है और विकास तेज है… भारत विकास का इंजन है, न कि सिर्फ गाड़ी.’ मुकेश अंबानी ने कहा कि हमारे सभी बिजनेस इंडियन इकोनॉमी के प्रमुख चालक बने रहेंगे.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने शेयरधारकों की 47वीं सालाना आम बैठक में कहा कि ‘हम अल्पकालिक लाभ कमाने और धन जमा करने के बिजनेस में नहीं हैं.’ रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि आर्थिक ग्रोथ के लिहाज से भारत दुनिया में सबसे बड़े इंजनों में से एक है, यह सबसे आकर्षक स्थल बना हुआ है. उन्होंने कहा कि हम अल्पकालिक लाभ तथा धन संचय के कारोबार में नहीं हैं, हम राष्ट्र के लिए धन व ऊर्जा सुरक्षा सृजित करने के व्यवसाय में हैं. मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस अब प्रौद्योगिकी का शुद्ध उत्पादक बन गया है, एक प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनी में तब्दील हो रहा है.
रिलायंस कंपनी टेक्नोलॉजी में आगे बढ़ी
रिलायंस एजीएम की बैठक में मुकेश अंबानी ने कहा कि आरआईएल ने 6जी, 5जी, बड़े लैंग्वेज मॉडल, डीप टेक और अन्य क्षेत्रों में पेटेंट दाखिल किए हैं. 47वीं एजीएम में चेयरमैन मुकेश अंबानी ने शेयरधारक से कहा कि रिलायंस अब तकनीक का शुद्ध उत्पादक है और अब हर व्यवसाय में नई तकनीक को शामिल कर रहा है. उन्होंने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 24 में अनुसंधान एवं विकास पर 3643 करोड़ रुपये खर्च किए, उन्होंने कहा कि 1000 से अधिक वैज्ञानिक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं. मुकेश अंबानी ने कहा कि आरआईएल ने 6जी, 5जी, बड़े लैंग्वेज मॉडल, डीप टेक, बिग डेटा और नैरो बैंड IoT में पेटेंट दाखिल किए हैं
एक पर एक बोनस देगी रिलायंस इंडस्ट्रीज
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का निदेशक मंडल पांच सितंबर को 1:1 ‘बोनस शेयर’ जारी करने पर विचार करेगा. कंपनी ने गुरुवार को शेयर बाजार को यह जानकारी दी. देश की सबसे ज्यादा मूल्य वाली कंपनी रिलायंस ने आखिरी बार सितंबर 2017 में ‘बोनस शेयर’ जारी किए थे. कंपनी की सूचना के मुताबिक ‘कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक गुरुवार को पांच सितंबर 2024 को होनी है, जिसमें शेयरधारकों को उनके अनुमोदन के लिए विचार करने तथा सिफारिश करने, ‘रिजर्व’ के पूंजीकरण द्वारा कंपनी के शेयरधारकों को 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने की सिफारिश की जाएगी.’ रिलायंस ने इससे पहले 2017 और 2009 में 1:1 के अनुमात से बोनस शेयर जारी किए हैं.
