आंध्र प्रदेश के अचुतापुरम में बुधवार को एक बड़ा हादसा जिसमें अब तक 15 लोग मरे गए

आंध्र प्रदेश के अचुतापुरम में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें अब तक 15 लोगों के मारे जाने की खबर है. अचुतापुरम एक फार्मा कंपनी के कारखाने में अचानक आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन कारखाने में फंसे कर्मचारियों के नहीं बचाया जा सका.हादसे में कुछ वर्कर बुरी तरह घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जिलाधिकारी विजय कृष्णन ने बताया कि दुर्घटना दोपहर करीब दो बजे ‘एसेंटिया’ फार्मा कंपनी के संयंत्र में हुई. उन्होंने बताया कि हादसे में घायल कर्मचारियों को अनकापल्ली और अचुतापुरम के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है
लंच ब्रेक के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कारखाने में आग रिएक्टर विस्फोट के चलते लगी, जिसमें 13 मजदूरों ने अपनी जान गंवा दी. कई कर्मचारियों ने इलाज के बीच ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों को जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं. आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, अचुतापुरम विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) में दवा कंपनी एसिएंटिया में लंच ब्रेक के दौरान यह विस्फोट हुआ. अधिकारियों ने बताया कि लंच ब्रेक के दौरान कंपनी परिसर में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई. कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाने के लिए बाहर भागे.
हादसे के समय मौजूद थे 300 कर्मचारी
आग बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. एनडीआरएफ, दमकल कर्मियों और पुलिस ने इमारत की तीसरी मंजिल पर फंसे कर्मचारियों को बचाया. घायलों को अनकापल्ली के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या अभी बढ़ सकती है, क्योंकि घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है. विस्फोट के समय कंपनी में लगभग 300 कर्मचारी मौजूद थे. विस्फोट इतना जोरदार था कि इमारत की पहली मंजिल का स्लैब ढह गया. पूरे इलाके धुआं छा गया, जिससे बचाव अभियान में बाधा आ रही है.
CM चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख
विस्फोट से आसपास के गांवों में भी लोगों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे के बाद कर्मचारियों ने कंपनी के बाहर एकत्र होकर पीड़ितों के लिए मुआवजे और लापरवाही के लिए अधिकारियों को सजा देने की मांग की. मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने विस्फोट पर दुख जताया है. उन्होंने अनकापल्ली के जिला कलेक्टर से बात कर स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को घायलों के लिए अच्छे से अच्छा उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
पूर्व मुख्यमंत्री ने भी व्यक्त की संवेदना
पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने भी अचुतापुरम सेज में रिएक्टर विस्फोट पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने इस घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की. वाईएसआर कांग्रेस पार्टी प्रमुख ने सरकार से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया है कि घायलों को अस्पतालों में सर्वोत्तम संभव चिकित्सा उपचार मिले. उन्होंने अधिकारियों से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने का भी आह्वान किया. उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को पर्याप्त सहायता प्रदान करे.
