रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धुआंधार पारी खेली
रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धुआंधार पारी खेली.

टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर 8 मैच में रोहित ने सेंट लूसिया में खेले गए मुकाबले में मिचेल स्टार्क के एक ओवर में 4 छक्के जड़ दिए.रोहित ने शुरुआती 6 ओवरों में स्टार्क को निशाना बनाया और उनके एक ओवर में 29 रन ठोक डाले. हिटमैन इस मुकाबले में गजब के टच में दिखे. उन्होंने स्टार्क के दूसरे ओवर में जमकर रन बटोरे. तब विराट कोहली 5 गेंदों पर खाता खोले पवेलियन लौट गए थे. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में मिचेल स्टार्क का यह सबसे महंगा ओवर है. इससे पहले उन्होंने 2021 टी20 विश्व कप फाइनल में 22 रन लुटाए थे. जो उनका इससे पहले का सबसे महंगा ओवर रहा था.
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने सभी पेसर हेजलवुड को छोड़कर सभी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की बखिया उधेड़ी. उन्होंने दाएं हाथ के तेज गेंदबाज पैट कमिंस, स्टार्क और एडम जंपा के पहले 10 ओवर में जमकर रन जुटाए. रोहित शर्मा ने इस दौरान टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर में 200 छक्के पूरे कर लिए. ये कारनामा करने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं
रोहित ने जड़ी इस विश्व कप की सबसे तेज फिफ्टी
रोहित ने 19 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया. टी20 वर्ल्ड कप 2024 की यह सबसे तेज फिफ्टी है. टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने के मामले में रोहित तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. वह युवराज सिंह और केएल राहुल से पीछे हैं. युवराज ने 2007 के टी20 विश्व कप में 12 गेंदों पर हाफ सेंचुरी जड़ी थी जबकि केएल राहुल ने 2021 के टी20 वर्ल्ड किप में स्कॉटलैंड के खिलाफ 18 गेंदों पर अर्धशतक बनाया था.
भारत ने 5 विकेट पर 205 रन बनाए
भारतीय कप्तान की धुआंधार पारी के दम पर भारत ने 5 विकेट पर 205 रन बनाए. सूर्यकुमार यादव ने 16 गेंद पर 31 रन की पारी खेली जबकि शिवम दुबे 22 गेंदों पर 28 रन बनाए जबकि हार्दिक पंड्या 17 गेंदों पर 27 रन बनाकर नाबाद लौटे. ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टार्क और स्टोइनिस ने दो दो विकेट लिए. सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को यह मैच जीतना जरूरी है. टीम इंडिया इस मैच को जीतकर सेमीफाइनल में कदम रखेगी.
