WhatsApp प्रोफाइल फोटो से जुड़ा बड़ा अपडेट

वॉट्सऐप (WhatsApp) अपने यूजर्स के लिए नए-नए फीचर लाता रहता है, ताकि चैटिंग एक्सपीरियंस मजेदार बना रहे। नए फीचर्स के साथ वॉट्सऐप अपने करोड़ों यूजर्स की प्राइवेसी और सेफ्टी को बनाए रखने के लिए भी समय-समय पर लेटेस्ट अपडेट रिलीज करता है।इसी कड़ी में अब कंपनी एक जरूरी फीचर लाने की तैयारी कर रही है, जिसका यूजर्स को लंबे समय से इंतजार था। वॉट्सऐप से जुड़े अपडेट्स को ट्रैक करने वाली वेबसाइट WABetaInfo की मानें, तो कंपनी जल्द ही सभी यूजर्स के लिए वॉट्सऐप प्रोफाइल फोटो के स्क्रीनशॉट को ब्लॉक कर देगी।
इन यूजर्स के लिए आया फीचर
प्रोफाइल फोटो के स्क्रीनशॉट को ब्लॉक करने वाले फीचर को कंपनी अभी डेपेलप कर रही है। इसे वॉट्सऐप बीटा फॉर ऐंड्रॉयड के लिए पहले ही रोलआउट किया जा चुका है। अब इसे वॉट्सऐप बीटा फॉर iOS के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। WABetaInfo ने टेस्टफ्लाइट ऐप में वॉट्सऐप बीटा फॉर iOS 24.10.10.70 में इस फीचर को देखा है। WABetaInfo ने इस नए फीचर की जानकारी X पोस्ट से देते हुए इसका एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है।शेयर किए गए स्क्रीनशॉट में आप स्क्रीन कैप्चर ब्लॉक्ड का मेसेज देख सकते हैं। फीचर रोलआउट होने के बाद यूजर किसी के भी प्रोफाइल फोटो का स्क्रीनशॉट नहीं ले पाएंगे। माना जा रहा है कि यह फीचर फोन में दिए गए स्क्रीन रिकॉर्डिंग ऑप्शन के लिए भी होगा। फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। फीचर यूजर्स के प्रोफाइल फोटो के गलत इस्तेमाल पर भी रोक लगाने में मदद करेगा।
देखने को मिल सकती है एक खामी
इस फीचर में एक खामी जो देखने को मिल सकती है, वह यह है कि किसी दूसरे डिवाइस के कैमरा से प्रोफाइल फोटो को कैप्चर किया जा सकेगा। ऐसे में इस फीचर को लाने का मकसद पूरा होगा या नहीं इस बारे में पक्के तौर पर अभी कुछ भी कहना मुश्किल है। बताते चलें कि यह फीचर अभी डिवेलपिंग और बीटा टेस्टिंग फेज में है। बीटा टेस्टिंग पूरी होने के बाद कंपनी इसके स्टेबल वर्जन को रोलआउट करेगी।
