कोर्ट ने कहा ‘मनीष सिसोदिया का एक बेटा है जो…’,

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को कोर्ट से लगातार झटका लग रहा है. वह जेल से बाहर आने के लिए तमाम तरह के कानूनी प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सब नाकाम साबित हुआ है.आखिरकार उन्होंने पत्नी का बीमारी का हवाला देते हुए रियायत बरतने और जमानत देने की अपील की पर कोर्ट ने उनकी दलीलों को सिरे से खारिज करते हुए तल्ख टिप्पणी की है. मनीष सिसोदिया ने जब कहा कि उनकी पत्नी बीमार है और उन्हें उनकी देखभाल करने के लिए जमानत चाहिए तो कोर्ट ने इसपर सख्त तेवर दिखाया. मनीष सिसोदिया ने कहा कि उनके घर में और कोई नहीं है, ऐसे में उन्हें बीमार पत्नी के पास रहकर उनकी देखभाल करना जरूरी है. इसपर कोर्ट ने कहा कि मनीष सिसोदिया का एक बेटा है जो उनकी पत्नी (मनीष सिसोदिया) की देखाभाल कर सकता है.
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने मनीष सिसोदिया को पिछले साल गिरफ्तार किया था. दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम तब से ही जेल में बंद हैं. मनीष सिसोदिया ने जेल से बाहर आने के लिए ट्रायल कोर्ट से लेकर दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक में याचिका दाखिल की लेकिन उन्हें कहीं से भी राहत नहीं मिली. मनीष सिसोदिया ने अब एक बार फिर से ट्रायल कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी दाखिल की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया है. इस बार कोर्ट ने मनीष सिसोदिया और अन्य के खिलाफ काफी सख्त टिप्पणी करते हुए उनकी जमानत याचिका को ठुकरा दिया था. मनीष सिसोदिया ने एक बार फिर से जमानत के लिए दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है.
मनीष सिसोदिया की बीमार पत्नी और बेटा
मनीष सिसोदिया ने कोर्ट में जमानत याचिका की सुनवाई के दौरान कहा कि उनकी पत्नी बीमार हैं, जिनकी देखभाल करने के लिए कोई नहीं है. ऐसे में उनको जमानत दी जानी चाहिए. इस पर कोर्ट ने कहा, ‘आवेदक (मनीष सिसोदिया) का एक बेटा है, जो उनकी पत्नी की देखभाल कर सकता है.’ दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को पिछले साल फरवरी में गिरफ्तार किया गया था. तब से लेकर अभी तक सिसोदिया की ओर से कई दफे जमानत की अर्जी दाखिल की जा चुकी है. ट्रायल कोर्ट ने दूसरी बार मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका ठुकराई है. पूर्व डिप्टी सीएम के लिए यह तगड़ा झटका है.
दिल्ली शराब घोटाला से जुड़े मनी लॉड्रिंग केस में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी गिरफ्तार किया जा चुका है. ईडी की टीम ने लंबी पूछताछ के बाद उन्हें 21 मार्च को गिरफ्तार किया था. सीएम केजरीवाल को कुछ दिन कस्टडी में रखने के बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया था. अरविंद केजरीवाल ने ईडी द्वारा की गई अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी है. फिलहाल उनकी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है. दूसरी तरफ, इसी मामले में गिरफ्तार संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी है. वह महीनों तक जेल में रहने के बाद फिलहाल बाहर हैं. दूसरी तरफ, सिसोदिया और केजरीवाल अभी भी तिहाड़ जेल में बंद हैं.
