किसानों की किस मांग के सामने आखिर झुक गए CM विजय? प्रोजेक्ट रद्द का किया ऐलान

तमिलनाडु की राजनीति में परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को लेकर नया मोड़ आ गया है। मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की सरकार ने कांचीपुरम जिले में प्रस्तावित परंदूर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है।

विजय ने साफ कहा कि उनकी सरकार प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ खड़ी है। इस फैसले के साथ ही वह वादा भी पूरा हो गया, जो विजय ने चुनाव से पहले परंदूर के लोगों से किया था।

सीएम विजय ने कहा, “हम परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को छोड़ रहे हैं। प्रस्तावित एयरपोर्ट का विरोध कर रहे लोगों के साथ मैं मजबूती से खड़ा हूं।” उनका कहना है कि एयरपोर्ट और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट जरूरी हैं, लेकिन इसके लिए किसानों की जमीन और उनकी रोजी-रोटी की कीमत नहीं चुकाई जा सकती।

परंदूर एयरपोर्ट पर क्यों हुआ था विरोध?

परंदूर चेन्नई से करीब 70 किलोमीटर दूर कांचीपुरम जिले में आता है। यहां नया एयरपोर्ट बनाने की योजना का लंबे समय से विरोध हो रहा था। आसपास के गांवों के लोगों को डर था कि प्रोजेक्ट से खेती की जमीन और स्थानीय जलस्रोत प्रभावित होंगे।

विरोध सिर्फ परंदूर तक सीमित नहीं था। परंदूर के साथ आसपास के 12 गांवों के लोग भी प्रोजेक्ट के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना था कि इलाके की बहुफसली कृषि भूमि पर एयरपोर्ट बनने से किसानों की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा।

सीएम विजय ने 20 जनवरी 2025 को एगनापुरम और आसपास के गांवों का दौरा किया था। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनी थीं। इससे पहले अक्टूबर 2024 में विक्रवंडी में हुई एक बैठक में भी उन्होंने प्रोजेक्ट का विरोध किया था।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]