ऋषभ पंत ने तोड़ दिया धोनी का बड़ा रिकॉर्ड

ऋषभ पंत ने श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट में मैदान पर वापसी करते ही भारतीय क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ने एमएस धोनी को पीछे छोड़ते हुए विदेशी या न्यूट्रल मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए विकेटकीपर के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

पंत ने यह उपलब्धि श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन हासिल की। उनके नाम अब विदेशी और न्यूट्रल टेस्ट मैचों में 2500 से ज्यादा रन हो गए हैं। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 41.68 का रहा है। उन्होंने एमएस धोनी के 2496 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

धोनी को पीछे छोड़ पंत बने नंबर वन

भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल विकेटकीपर बल्लेबाजों में शामिल एमएस धोनी लंबे समय तक इस रिकॉर्ड पर काबिज थे, अब पंत टॉप पर हैं। विदेशी या न्यूट्रल टेस्ट में विकेटकीपर के तौर पर धोनी ने 2496 रन बनाए थे। इस सूची में फारुख इंजीनियर 1209 रन के साथ तीसरे, सैयद किरमानी 1109 रन के साथ चौथे और किरण मोरे 901 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

चोट के बाद पहले दिन रिटायर्ड हर्ट हुए थे पंत

पंत के लिए कोलंबो टेस्ट का पहला दिन हालांकि बिल्कुल आसान नहीं रहा था। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा की एक शॉर्ट गेंद उनके बाएं हाथ पर जा लगी थी। पंत गेंद को स्क्वायर के पीछे खेलने की कोशिश में चूक गए और गेंद सीधे उनके हाथ से जा टकराई।

गेंद लगने के बाद पंत काफी दर्द में नजर आए। भारतीय टीम के फिजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे और उनके हाथ पर पहले आइस पैक लगाया गया। इसके बाद हाथ पर टेप भी बांधी गई, लेकिन परेशानी कम नहीं हुई।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]