श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए राहत भरी

श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. कोलंबो में श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ खेले जा रहे तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच के दूसरे दिन बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतकीय पारी खेलकर भारत की एक बड़ी समस्या का समाधान कर दिया है.

देवदत्त पडिक्कल इस पारी में काफी लय में नजर आए और उन्होंने एक से बढ़कर एक शॉट खेले.

देवदत्त पडिक्कल का शानदार शतक

श्रीलंका क्रिकेट XI 363 रनों के जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत काफी खराब रही और यशस्वी जायसवाल के रूप में बिना कोई रन बनाए पहला विकेट गिर गया. इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे देवदत्त पडिक्कल ने न सिर्फ पारी को संभाला, बल्कि एक आक्रामक शतक जड़कर टीम मैनजमेंट का भरोसा जीता. देवदत्त पडिक्कल ने मैदान के चारों तरफ शॉट्स लगाए. उन्होंने 121 गेंदों का सामना करते हुए 14 चौकों की मदद से 103 रनों की बेहतरीन पारी खेली. शतक पूरा होने के बाद टीम मैनेजमेंट ने बाकी बल्लेबाजों को मौका देने के लिए उन्हें रिटायर्ड हर्ट बुलाने का फैसला किया.

भारतीय टेस्ट टीम में नंबर-3 के बल्लेबाज साई सुदर्शन चोटिल होने के कारण फिलहाल श्रीलंका नहीं पहुंच सके हैं. उनके पैर के अंगूठे में अभी भी दर्द की समस्या बनी हुई है. ऐसे में गॉल में खेले जाने वाले 15 अगस्त के पहले टेस्ट मैच में नंबर-3 पर कौन बल्लेबाजी करेगा, इसे लेकर सवाल बने हुए थे. पडिक्कल ने इस वॉर्म-अप मुकाबले में तीसरे नंबर पर ही उतरकर शतक जमाया है. वह इससे पहले भारत के लिए खेले गए 2 टेस्ट मैचों में से एक मुकाबले में नंबर-3 पर बल्लेबाजी कर चुके हैं. ऐसे में अगर साई सुदर्शन पहले टेस्ट मैच तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं, तो देवदत्त पडिक्कल उनके एक मजबूत और सबसे सटीक विकल्प के रूप में उभरकर सामने आए हैं.

देवदत्त पडिक्कल ने टीम इंडिया के लिए अभी तक 2 टेस्ट मैचों की 3 पारियों में 90 रन बनाए हैं, जिसमें 1 अर्धशतक शामिल है, जो इंग्लैंड के खिलाफ आया था. लेकिन उन्होंने ये दोनों ही मैच साल 2024 में खेले थे. ऐसे में देवदत्त पडिक्कल का अब एक लंबे समय के बाद फिर से प्लेइंग 11 में मौका मिल सकता है.

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]