संन्यास के बाद अब यूरोप में बजेगा अजिंक्य रहाणे का डंका, ETPL की एम्स्टर्डम फ्लेम्स से जुड़े पूर्व भारतीय कप्तान

एम्स्टर्डम फ्लेम्स ने घोषणा की कि उसने यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग (ETPL) के पहले सीजन के लिए भारत के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे को अपनी टीम का ‘मार्की प्लेयर’ (मुख्य खिलाड़ी) बनाया है।
अपनी लीडरशिप, निरंतरता और प्रोफेशनलिज्म के लिए पहचाने जाने वाले रहाणे एम्स्टर्डम फ्लेम्स से ऐसे समय में जुड़ रहे हैं जब यूरोपियन क्रिकेट विकास के एक रोमांचक नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उनका टीम में आना एक वर्ल्ड-क्लास ब्रांड बनाने और खेल के लंबे समय के विकास में सार्थक योगदान देने की फ्रेंचाइजी की महत्वाकांक्षा को दिखाता है।
अलग-अलग फॉर्मेट में 190 से ज्यादा मैच खेलने वाले रहाने ने इंटरनेशनल करियर के दौरान अपनी शांत लीडरशिप, बेहतरीन टेक्निक और खेल के प्रति समर्पण से टीम के साथियों, विरोधियों और फैंस का सम्मान हासिल किया है। एम्स्टर्डम फ्लेम्स से जुड़ने का उनका फैसला इस सोच को दिखाता है कि यूरोप क्रिकेट के विस्तार के लिए सबसे बड़े मौकों में से एक है। अनुभवी ग्लोबल खिलाड़ी इस सफर को तेजी से आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
एम्स्टर्डम फ्लेम्स के को-फाउंडर और चीफ क्रिकेट ऑफिसर स्टीव वॉ ने क्लब में रहाणे का स्वागत करते हुए कहा, “अजिंक्य रहाणे में वे सभी गुण हैं जो आप एक प्रोफेशनल क्रिकेटर में चाहते हैं। हुनर, मुश्किलों से उबरने की क्षमता, विनम्रता और लीडरशिप। अपने पूरे करियर में उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में बहुत सम्मान पाया है, न सिर्फ अपने खेल की वजह से, बल्कि मैदान के अंदर और बाहर उनके व्यवहार की वजह से भी।”
