माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत

माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि अतीक का छोटा बेटा अपने दोस्तों के साथ कार में सवार होकर जेल में बंद अपने बड़े भाई से मिलकर वापस लौट रहा था.
झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हाईवे पर कार डिवाइडर से टकरा गई थी. हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अबान बड़े भाई से मिलकर वापस लौट रहा था
सभी प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलकर वापस लौट रहे थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा. अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को नैनी जेल से झांसी जेल शिफ्ट किया गया था. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. कार में कुल पांच लोग थे बताया जा रहा है. इसमें से दो की मौत हुई है. पांचों को गाड़ी से पुलिस ने निकाला है.
अबान अहमद अपने भाई से मिलकर वापस लौट रहा था
हादसे के बाद पांचों को पुलिस अस्पताल लेकर गई थी. अस्पताल में तीन घायल एडमिट हैं. बाकी दो की मौत हो गई है. अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हुई है. अबान अपने साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मुलाकात करने आया था. मुलाकात के बाद लौटते समय पूंछ क्षेत्र के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ऐम्बुलेंस मौके पर पहुंची थी. घायलों ने पुलिस को हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि गाड़ी की स्पीड बहुत तेज थी. हादसा रात के करीब साढ़े दस बजे हुआ था.
अतीक अहमद के कितने बेटे?
- उमर अहमद
- अली अहमद
- असद अहमद
- अहजम अहमद
- अबान अहमद
अतीक अहमद के कुल पांच बेटे थे, जिसमें सबसे बड़ा बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद है. वहीं, अली अहमद झांसी जेल में बंद है. तीसरे बेटे असद की अप्रैल 2023 में झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी. चौथा बेटा अहजम है, जो बाहर है. पांचवें नंबर के बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत हो गई.
अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन अभी फरार बताई जा रही हैं. उनके साथ ही, शाइस्ता परवीन की बहन आयशा नूरी, अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा और गुर्गे गुड्डू मुस्लिम, मो. अरमान और मो. साबिर भी फरार हैं.
