शक्तिनगर के एनटीपीसी परिसर में पुरुषोत्तम मास पर 09 दिवस श्री शिव शक्ति महायज्ञ एवं संगीतमय श्री राम कथा का शुभारंभ।।

राजू यादव क्राइम प्रधान संपादक

कलश यात्रा के साथ हुआ भव्य आगाज, श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था।

शक्तिनगर/सोनभद्र, 31 मई 2026। पुण्यदायी पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर एनटीपीसी शक्तिनगर परियोजना परिसर स्थित श्री शक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर, विद्युत विहार में आयोजित 09 दिवसीय श्री शिवशक्ति महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ रविवार को भव्य कलश यात्रा एवं विधिवत कलश स्थापना के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। आयोजन के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म लाभ अर्जित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञाचार्य महर्षि महेश जी के सानिध्य में वैदिक विधि-विधान के अनुसार पूजा-अर्चना एवं कलश स्थापना के साथ हुआ। इस अवसर पर विजय कुमार दुबे एवं श्रीमती अनु दुबे ने मुख्य यजमान के रूप में धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई। प्रातःकाल आयोजित भव्य कलश यात्रा में महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों, मंगलगान एवं जय श्रीराम तथा हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
इस अवसर की विशेषता यह रही कि कलश यात्रा में शामिल सभी कलशों में देश के प्रमुख तीर्थस्थलों एवं पवित्र नदियों का जल भरा गया था। गंगोत्री, यमुनोत्री, अलकनंदा प्रयागराजसंगम , गंगोत्री सहित पांच पावन नदियों के जल को श्रद्धापूर्वक कलशों में स्थापित कर यज्ञ स्थल तक लाया गया।* वैदिक परंपरा के अनुसार इन पवित्र जलधाराओं के जल से कलश स्थापना कर महायज्ञ एवं श्रीराम कथा का शुभारंभ किया गया। श्रद्धालुओं ने इसे अत्यंत पुण्यदायी एवं आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अवसर बताया।

भव्य कलश यात्रा चिल्का झील शिव धारा विद्युत विहार कॉलोनी से प्रारंभ होकर श्री शक्तेश्वर महादेव के मंदिर की परिक्रमा कर जगशाला में कलश को स्थापित किया गया तथा शक्तिनगर के विभिन्न जगहों एवं महिला वनिता समाज, विद्युत विहार कॉलोनी की महिलाओं तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। यात्रा के दौरान भक्ति संगीत और धार्मिक नारों से संपूर्ण क्षेत्र गूंजता रहा।आयोजन समिति के अनुसार यह धार्मिक आयोजन 31 मई से 8 जून 2026 तक चलेगा।

प्रतिदिन संध्या समय अंतरराष्ट्रीय कथा वाचिका मानस मोहिनी संध्या देवी जी द्वारा संगीतमय श्रीराम कथा का वाचन किया जाएगा, जिसमें भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र, धर्म, भक्ति और मानव जीवन के मूल्यों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।

वहीं यज्ञाचार्य महर्षि महेश जी के निर्देशन में प्रतिदिन शिवशक्ति महायज्ञ के विविध वैदिक अनुष्ठान, हवन-पूजन एवं धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे।श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन भंडारे एवं प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण, यज्ञ में आहुति एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करने का आग्रह किया है।कार्यक्रम में मंदिर संचालन समिति, महिला वनिता समाज, विद्युत विहार कॉलोनी के निवासी, शिवाजी नगर, बस स्टैंड क्षेत्र सहित शक्तिनगर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में धर्म, आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

आयोजकों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में आयोजित यह 09 दिवसीय श्री शिवशक्ति महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीराम कथा जनकल्याण, सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव, राष्ट्र की उन्नति एवं विश्व शांति की कामना के लिए आयोजित की जा रही है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]