नामीबिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच में भारत ने 93 रन से बड़ी जीत दर्ज की

नामीबिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच में भारत ने 93 रन से बड़ी जीत दर्ज की. यह भारत की टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान को पीछे छोड़कर सबसे ऊपर काबिज हो गई है.

भारत के चार अंक हैं. मैच में ईशान किशन ने तूफानी बल्लेबाजी से टीम इंडिया की जबरदस्त शुरुआत दी. वहीं, मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने सबसे किफायती गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लेकर नामीबिया को लक्ष्य तक नहीं पहुंचने दिया. हालांकि, हार्दिक पंड्या को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

हार्दिक को क्यों चुना गया POTM?
हार्दिक पंड्या ने गेंद और बल्ले दोनों से मैच में धमाल मचाया. उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि वह आखिरकार भारत के सबसे बड़े मैच विनर क्यों हैं. नंबर-5 पर आकर हमेशा की तरह हार्दिक ने विस्फोटक अंदाज अपनाया और 185 के स्ट्राइक रेट से 52 रन ठोक दिए. हार्दिक ने 28 गेंदों की अपनी इस पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए. कप्तान ने दूसरी पारी में जब उन्हें गेंद थमाई तो उससे भी वह असरदार साबित हुए. हार्दिक ने चार ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 21 रन देकर दो विकेट चटकाए.

हार्दिक पंड्या बने प्लेयर ऑफ द मैच.
भारत की टूर्नामेंट में सबसे बड़े जीत

भारत को इस मुकाबले में मिली जीत इस टूर्नामेंट के इतिहास में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी विक्ट्री है. इससे पहले 2012 में भारत ने इंग्लैंड को 90 रनों से हराया था. 2014 में ऑस्ट्रेलिया को 73 रन से शिकस्त दी थी. 2022 में जिम्बाब्वे को 71 रन से धोया, जबकि 2024 में सेमीफाइनल में इंग्लैंड को भारत ने 68 रन से धूल चटाकर फाइनल में जगह बनाई और टूर्नामेंट भी जीता.

पाकिस्तान से महामुकाबले की तैयारी
टीम इंडिया की नजरें अब पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महामुकाबले पर हैं. यह मैच 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों ही टीमें दो-दो जीत के साथ यह हाई-वोल्टेज मैच खेलने उतरेंगी. बात करें हेड टू हेड रिकॉर्ड की तो टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पलड़ा भारी रहा है. इस टूर्नामेंट में आठ बार दोनों का आमना-सामना हुआ है, जिसमें सात बार पाकिस्तान को शिकस्त मिली है. सिर्फ एक ही बार भारत से पाकिस्तान जीत पाया है. ऐसे में टीम इंडिया की नजरें इस बढ़त को बरकरार रखते हुए एक और जीत दर्ज करने पर होंगी. भारत यह मैच जीतकर सुपर-8 में भी जगह पक्की कर लेगा.

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]