सामाजिक कार्यकर्ता बी.पी.एस. पोया ने विशेष पिछड़ी जनजाति पण्डो समुदाय के बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, शैक्षणिक सामग्री वितरित
सामाजिक कार्यकर्ता बी.पी.एस. पोया ने विशेष पिछड़ी जनजाति पण्डो समुदाय के बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, शैक्षणिक सामग्री वितरित
केतका/सूरजपुर (छत्तीसगढ़), 14 जनवरी 2026।
सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग के जिला अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता बी.पी.एस. पोया ने अपना जन्मदिन पारंपरिक धूमधाम से अलग एक अनूठे और प्रेरणादायक रूप में मनाया। उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला पण्डोपारा (विशेष पिछड़ी जनजाति – केतका) तथा आदर्श आदिवासी बालक आश्रम, केतका के छात्र-छात्राओं के साथ समय बिताया और उन्हें शैक्षणिक सामग्री प्रदान की।
दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से किया गया। इस दौरान बच्चों को समानता, न्याय, स्वतंत्रता एवं संवैधानिक अधिकारों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। श्री पोया ने छात्रों को पेन, कॉपी, छत्तीसगढ़ का मानचित्र एवं मिष्ठान वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया।
बी.पी.एस. पोया पिछले दस वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों, छात्रावासों एवं आश्रमों में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों के साथ ही अपना जन्मदिन मना रहे हैं। उनका कहना है कि जन्मदिन पर डीजे और बड़ी पार्टियों में अनावश्यक खर्च करने के बजाय उसी राशि से गरीब एवं वंचित बच्चों की सहायता करना कहीं अधिक सार्थक और संतोषजनक है।
श्री पोया छात्र जीवन से ही समाजसेवा से जुड़े हुए हैं। वे एक सक्रिय सामाजिक एवं पर्यावरण कार्यकर्ता हैं, जो गरीबी, शोषण तथा आदिवासी एवं पिछड़े वर्गों की समस्याओं और अधिकारों के लिए निरंतर आवाज उठाते रहे हैं। साथ ही, वे यूट्यूब, फेसबुक, एक्स (पूर्व ट्विटर) और इंस्टाग्राम जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विभिन्न जनजातीय समुदायों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। सामाजिक, शैक्षणिक, संवैधानिक अधिकारों एवं कैरियर मार्गदर्शन से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक सैकड़ों युवाओं को प्रेरित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चे श्री पोया के सरल, सहज और मिलनसार व्यवहार से अत्यंत प्रसन्न दिखाई दिए।
शासकीय प्राथमिक शाला पण्डोपारा में सहायक शिक्षक महेन्द्र कुमार साहू, छात्र-छात्राएं कु. अंजू, सुरेन्द्र कुमार पण्डो, अनुक सिंह तथा ग्राम के वरिष्ठजन दुहनराम पण्डो, इन्द्रशाय पण्डो, नरेंद्र सिंह मरकाम, मयंक सिंह आयाम, रामनारायण सिंह आरमो एवं परमेश्वर राजवाड़े उपस्थित रहे। वहीं आदर्श आदिवासी बालक आश्रम, केतका में अधीक्षक गिरवरधारी यादव, डी.एस. प्रजापति, मंगल राम सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
