बिहार के नवादा जिले में जमीन के विवाद को लेकर दबंगों ने दलित बस्ती में आग लगी दी आग की चपेट में आने से 80 घर जलकर खाक

बिहार के नवादा जिले में जमीन के विवाद को लेकर दबंगों ने दलित बस्ती में आग लगी दी। आग की चपेट में आने से 80 घर जलकर खाक हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने जांच कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, दबंगों द्वारा लगाई गई आग में करीब 20 घर जले हैं। घटना के बाद विपक्ष ने नीतीश सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।
पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। दरअसल जिस जमीन पर दलित परिवारों का कब्जा है वहां दूसरे पक्ष अपना दावा ठोक रहा है। इसी संबंध में दोनों पक्षों में कई बार झड़प हो चुकी है। देर रात कुछ दबंगों ने बस्ती में आग लगा दी। दलित परिवारों का आरोप है कि भारी संख्या में दबंगों ने मारने की धमकी दी और सभी घरों में आग लगा दी है। आग लगने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर दमकल की टीम पहुंच गई।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यह घटना नवादा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ननौरा के पास स्थित कृष्णा नगर दलित बस्ती की है। यहां दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दबंगों ने दलित परिवारों के साथ मारपीट की थी और फिर हवाई फायरिंग के बाद उनके घरों को आग के हवाले कर दिया। एसपी अभिनव धीमान ने बताया, “करीब 7 बजे ये सूचना मिली थी कि यहां कुछ व्यक्तियों द्वारा घरों को जलाया गया है।
शुरुआत में दावा किया गया था कि 40-50 घर जलाए गए, लेकिन हमने जितना अभी तक सिविल साइड और पुलिस ने रात के अंधेरे में जितना सर्वे किया है, करीब 21 घरों के परिवारों को हमने चिन्हित किया है। इसमें अगर कोई आगे डिटेल सर्वे किया जाएगा, लेकिन जितना अभी तक कंफर्म किया गया है वो 21 घर हैं। इसके अलावा इस घटना में किसी की मौत की सूचना सामने नहीं आई है और न ही किसी की ऐसी बॉडी मिली है।”
उन्होंने कहा, “जो क्लैम किया जा रहा है कि यहां हवाई फायरिंग की गई थी या कुछ किया गया था, उसमें अभी तक हमें खोखे नहीं मिले हैं, लेकिन हमारी टीम यहां सर्वे कर रही है, कैम्प कर रही है।” फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
