प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रांची के धुर्वा स्थित पंचमुखी मंदिर के पास बने लाइट हाउस प्रोजेक्ट का ऑनलाइन करेंगे उद्घाटन

झारखंड की राजधानी रांची के गरीबों को सस्ती दर पर अत्याधुनिक तकनीक से निर्मित सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराने की योजना रविवार को धरातल पर उतरेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रांची के धुर्वा स्थित पंचमुखी मंदिर के पास बने लाइट हाउस प्रोजेक्ट का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे।इस दौरान प्रधानमंत्री 10 लाभुकों को आवासों की चाबी सौंपकर योजना का सांकेतिक उद्घाटन करेंगे। इसे लेकर नगर प्रशासन निदेशालय ने तैयारी पूरी कर ली है। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुरू होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिला पहुचेंगे। यहां वे पूरे हो चुके विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इसी दौरान वे रांची में बने लाइट हाउस प्रोजेक्ट का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे। इस दौरान रांची के सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, नगर विकास विभाग के सचिव अरवा राजकमल, नगरीय प्रशासन निदेशालय के निदेशक आदित्य कुमार आनंद, नगर आयुक्त अमित कुमार सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। पीएम जिन लाभुकों को सांकेतिक रूप से चाबी सौंपेंगे, उनमें शोभा देवी, केशरी देवी, संजय कुमार करन, मनोज कुमार वर्मा, राकेश कुमार दास, पूनम देवी, इंदु देवी, मुन्नी देवी, सबीता कुमारी, अजय कुमार ठाकुर के नाम शामिल हैं।

निगम प्रशासक ने लिया भवन का जायजा

रांची नगर निगम के प्रशासक अमित कुमार ने शनिवार को धुर्वा के आनी में लाइट हाउस प्रोजेक्ट में तैयार भवन परिसर का निरीक्षण किया। प्रशासक ने टीम के साथ वहां बहाल व्यवस्था का एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रविवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए ऑनलाइन उद्घाटन को लेकर चल रही तैयारी का जायजा लिया। कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए। प्रशासक ने तैयारी में जुटे कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तृतीय घटक लाइट हाउस प्रोजेक्ट में 1008 आवास तैयार कराया गया है। निगम की देखरेख में सभी आवास का लाभुकों के बीच लॉटरी के जरिए आवंटन किया जा चुका है। इस मौके पर अपर प्रशासक सौरभ प्रसाद, नगर प्रबंधक, निगम के अभियंता समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।

केंद्रीय मंत्री गडकरी तुपुदाना से कुन्दीबरतोली फोर लेन की रखेंगे नींव

केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी रविवार को खूंटी जिले से जुड़ी 2500 करोड़ रुपए से अधिक की दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। इसमें तुपुदाना से कुन्दीबरतोली खंड का (खूंटी बायपास सहित) फोर लेन का निर्माण का शिलान्यस पहला है। यह राष्ट्रीय राजमार्ग 75ई का हिस्सा है, जिसकी अनुमानित लंबाई 31.31 किमी है। परियोजना के निर्माण में संभावित लागत राशि 2047.88 करोड़ रुपए हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री बेड़ो से खूंटी खंड का चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य का भी शिलान्यास करेंगे। यह राष्ट्रीय राजमार्ग 143 एजी का हिस्सा है।

जिसकी अनुमानित लंबाई 48.16 किमी है। परियोजना के निर्माण में संभावित लागत राशि 492.25 करोड़ रुपए है। इस अवसर पर खूंटी के स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री जनरल (डॉ) वी.के.सिंह (सेवानिवृत्त) उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर सूबे के पथ निर्माण मंत्री बसंत सोरेन, सांसद संजय सेठ, सांसद सुदर्शन भगत, खूंटी विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, तोरपा विधायक कोचे मुंडा, मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की को भी आमंत्रण भेजा गया है।

फोर लेन से तीन जिले जुड़ेंगे, जाम से राहत

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने बताया कि फोर लेन का हिस्सा रांची, खूंटी और चाईबासा जिला को जोड़ेगा। इस सड़क के बन जाने से खूंटी में हमेशा जाम और आए दिन सड़क दुर्घटना से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही यात्रा में भी समय कम लगेगा। इसी तरह खूंटी-कर्रा-बेड़ो रोड भी महत्वपूर्ण है। यह रोड खूंटी, रांची और लोहरदगा जिले को जोड़ेगा।

लगभग 138 किलोमीटर इस रोड के बन जाने से भविष्य में प्रस्तावित संबलपुर रांची एक्सप्रेस-वे आर्थिक कॉरिडोर का यह हिस्सा होगा। साथ ही रांची-गुमला (एनएच 23), खूंटी-तोरपा-कोलेबिरा (एनएच 143 डी), गुमला-सिमडेगा-राउरकेला (एनएच 143) और रांची चाईबासा (एनएच 20) से लोगों के लिए अच्छी कनेक्टिविटी और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। इस रोड के बनने से क्षेत्र में पर्यटन का भी विकास होगा। सोनमेर मंदिर, महामाया मंदिर, साईं मंदिर, लतरातू डैम, घाघारी धाम, नेतरहाट और बेतला जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच पथ बन जाएगा और रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]