म्योरपुर थाना परिसर में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
म्योरपुर थाना परिसर में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
संवाददाता (अहमद रजा )

पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ थाना परिसर, पुलिस व आमजन ने मिलकर मनाया पर्व

सोनभद्र/म्योरपुर। म्योरपुर थाना परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर थाना परिसर में विशेष पूजा-अर्चना एवं भव्य धार्मिक आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा एवं आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए, जिससे पूरा थाना परिसर भक्तिमय हो उठा।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय आधी रात को विशेष आरती की गई। देर रात तक भजन-कीर्तन एवं धार्मिक संगीत का कार्यक्रम चलता रहा, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में पुलिस और आमजन के बीच आपसी भाईचारे एवं सौहार्द की भावना भी देखने को मिली।
थाना परिसर में आए श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के लिए भोजन और प्रसाद की भी व्यवस्था की गई थी। सभी ने प्रसाद ग्रहण कर कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन पर भगवान श्रीकृष्ण की आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर म्योरपुर थाना अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्व हमारी संस्कृति और सामाजिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। प्रशासन का प्रयास रहता है कि क्षेत्र में सभी त्योहार शांतिपूर्ण, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाए जाएं।
