गुमशुदा महिला की बचपन की फोटो से वर्तमान तस्वीर तैयार कर राजस्थान से सकुशल बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

कार्यालय सोनभद्र

थाना बभनी पर नियुक्त आरक्षी विजय पाण्डेय द्वारा AI तकनीक (ChatGPT एवं Google Gemini) का उपयोग कर गुमशुदा महिला की बचपन की फोटो से वर्तमान तस्वीर तैयार कर राजस्थान से सकुशल बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

आरक्षी विजय पाण्डेय को पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं ₹2,100/- नकद पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित।

थाना बभनी पर दिनांक 14.07.2026 को वादिनी किस्मत देवी पत्नी रामपाल खरवार निवासी जौराही थाना बभनी जनपद सोनभद्र द्वारा अपनी पुत्री मंजू देवी खरवार, उम्र करीब 30 वर्ष के गुम हो जाने के संबंध में *मु0अ0सं0-150/2026 धारा 87, 137(2) बीएनएस* के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कराया गया था। वादिनी के अनुसार प्रतिवादी मंजू देवी गोंड़ पत्नी राजेन्दर गोंड़ निवासी जौराही, थाना बभनी द्वारा शादी कराने की बात कहकर उनकी पुत्री को वाराणसी ले जाया गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में गुमशुदा महिला की सकुशल बरामदगी हेतु दिए गए सख्त निर्देशों के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन श्री ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी श्री विनय प्रभाकर साहनी के कुशल पर्यवेक्षण में थाना बभनी पुलिस द्वारा गुमशुदा महिला की तलाश एवं पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

इस दौरान परिजनों एवं ससुराल पक्ष से फोटो प्राप्त करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई फोटो उपलब्ध नहीं हो सकी। विवेचना के दौरान संबंधित विद्यालय में जानकारी करने पर छात्रवृत्ति फार्म में वर्ष 2007 में कक्षा 04 में अध्ययन के समय की गुमशुदा महिला की बचपन की फोटो प्राप्त हुई। उक्त फोटो के आधार पर वर्तमान उम्र करीब 30 वर्ष में महिला की पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। इसी क्रम में थाना बभनी पर नियुक्त आरक्षी विजय पाण्डेय द्वारा गुमशुदा महिला की बचपन की फोटो एवं उसके माता-पिता तथा बहन की फोटो का उपयोग करते हुए ChatGPT एवं Google Gemini AI प्लेटफॉर्म की सहायता से महिला की वर्तमान उम्र के अनुरूप संभावित तस्वीर तैयार की गई। AI से तैयार तस्वीर को परिजनों को दिखाया गया, जिसे उनके द्वारा अपनी पुत्री मंजू देवी के रूप में पहचान कर प्रमाणित किया गया।

इसके उपरांत AI से तैयार तस्वीर एवं विवेचना के दौरान प्राप्त अन्य जानकारियों के आधार पर आरक्षी विजय पाण्डेय द्वारा राजस्थान के चूरू जनपद के थाना हमीरवास क्षेत्रान्तर्गत ग्राम गोविन्द सिंह का बास पहुंचकर गुमशुदा महिला मंजू देवी को सकुशल बरामद किया गया। जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि महिला वहां अपने पति उमेन्द्र के साथ विवाहित जीवन व्यतीत कर रही है तथा उसके दो बच्चे भी हैं।

इस प्रकार आरक्षी विजय पाण्डेय द्वारा आधुनिक AI तकनीक का अभिनव एवं प्रभावी उपयोग करते हुए गुमशुदा महिला की पहचान एवं सकुशल बरामदगी में सराहनीय योगदान दिया गया। उनके इस उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा करते हुए आज दिनांक 20.11.2026 को पुलिस अधीक्षक सोनभद्र *श्री अभिषेक वर्मा* द्वारा आरक्षी विजय पाण्डेय को *प्रशस्ति पत्र एवं ₹2,100/- नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Above Reporter Photo
[embedyt] https://www.youtube.com/embed?listType=playlist&list=UCYzEYpxh613jPw3luW3xiQA&layout=gallery[/embedyt]